दौराला। हरिद्वार से घूमकर लौट रहे चार दोस्तों के लिए मंगलवार की सुबह काल बनकर आई। दिल्ली-देहरादून हाईवे पर सकौती ओवरब्रिज के पास नींद की झपकी आने से उनकी ब्रेजा कार अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर से टकराई, और फिर टायर फटने के बाद कई पलटी खाते हुए हाईवे किनारे गहरी खाई में जा गिरी। दिल दहला देने वाले इस हादसे में तीन दोस्तों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल है, जिसका अस्पताल में उपचार चल रहा है। घटना के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया है।
पुलिस के अनुसार दिल्ली के करावल नगर निवासी आशुतोष कुमार मिश्रा (27), मूल रूप से करावल नगर व वर्तमान में लालबाग (गाजियाबाद) निवासी नितेश शर्मा (27), करावल नगर निवासी शैलेंद्र सिंह (28) और मिथुन चौहान (27) चार दिन पहले एक ऐप के जरिए कार बुक करके हरिद्वार घूमने गए थे। उनके साथ दूसरी कार में कुछ अन्य दोस्त भी थे, जो सोमवार को ही वापस लौट आए थे। मंगलवार सुबह जब यह चारों दोस्त वापस लौट रहे थे, तभी सकौती ओवरब्रिज के पास चालक को नींद की झपकी आ गई। तेज रफ्तार कार सीधे डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला टायर फट गया और गाड़ी हवा में लहराते हुए कई पलटी खाकर हाईवे किनारे गहरी खाई में जा गिरी। खाई में लगे एक पीपल के पेड़ से टकराने के बाद कार के परखच्चे उड़ गए।
दो की मौके पर मौत, तीसरे ने अस्पताल में तोड़ा दम
हादसे की चीख-पुकार सुनकर राहगीर और गश्त कर रही दौराला पुलिस मौके पर पहुंची। कार में फंसे चारों युवकों को बमुश्किल बाहर निकाला गया। हालांकि, तब तक नितेश शर्मा और शैलेंद्र सिंह की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। आशुतोष कुमार मिश्रा और मिथुन चौहान को गंभीर हालत में मोदीपुरम के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान आशुतोष ने भी दम तोड़ दिया। मिथुन चौहान की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है।
सीओ दौराला, शिव ठाकुर का कहना है कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त कार को हाईवे से हटाकर यातायात सुचारू करा दिया गया था। अभी तक इस मामले में परिजनों की तरफ से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है।
परिजनों में मचा कोहराम, खुशियां मातम में बदलीं
पुलिस ने हादसे की जानकारी मृतकों के परिजनों को दी, जिसके बाद परिवारों में चीख-पुकार मच गई। रोते-बिलखते परिजन मेरठ पहुंचे। दोस्तों ने कभी सोचा भी नहीं था कि हरिद्वार की यह ट्रिप उनकी जिंदगी का आखिरी सफर साबित होगी। पुलिस ने पंचनामा भरकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।