ग्रेटर नोएडा के दनकौर कोतवाली क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे के सर्विस रोड पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो छात्रों की मौत हो गयी और एक गंभीर रुप से घायल हो गया। बताया जाता है कि तेज रफ्तार बाइक डिवाइडर से टकरा गयी जिसके चलते ये गंभीर हादसा हो गया. पुलिस के अनुसार, तीनों छात्र एक ही बाइक पर सवार होकर दनकौर से ग्रेटर नोएडा की ओर जा रहे थे. नोएडा इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी के सामने बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में घायल छात्रों को तुरंत ग्रेटर नोएडा स्थित जिम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दो छात्रों को मृत घोषित कर दिया.
मृतकों की पहचान बिहार के समस्तीपुर निवासी 21 वर्षीय आर्यन कुमार और मधुबनी निवासी 19 वर्षीय जिकरूल्लाह बेलाल के रूप में हुई है. आर्यन बीसीए फर्स्ट ईयर और जिकरूल्लाह बीबीए फर्स्ट ईयर के छात्र थे। दोनों दनकौर कस्बे के एक पीजी में रहकर पढ़ाई कर रहे थे। गंभीर रूप से घायल छात्र का नाम दानिश (19) है, जो समस्तीपुर का रहने वाला है और नोएडा इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी में बीबीए फर्स्ट ईयर का छात्र है.
कोतवाली प्रभारी मुनेंद्र सिंह ने बताया कि हादसे में दो छात्रों की मौत हुई है, जबकि तीसरे की हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है.