Plane crash in America: अमेरिका के नॉर्थ कैरोलाइना राज्य में एक दर्दनाक विमान हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। गुरुवार को स्टेट्सविल इलाके में एक छोटा प्राइवेट जेट उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसा इतना भीषण था कि प्लेन जमीन से टकराते ही आग के गोले में तब्दील हो गया। इस दुर्घटना में विमान सवार सभी 7 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला।
टेकऑफ के बाद हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार क्रैश हुआ विमान Cessna C550 मॉडल का था, जो एक प्राइवेट फ्लाइट के रूप में संचालित किया जा रहा था। टेकऑफ के कुछ समय बाद ही विमान संतुलन खो बैठा और तेजी से नीचे गिर गया। टकराते ही विमान में भीषण आग लग गई, जिससे बचाव का कोई मौका नहीं मिला। स्थानीय प्रशासन और दमकल विभाग ने तुरंत मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक सभी यात्रियों की जान जा चुकी थी।
यह भी देखेंःIllegal Betting Apps: अवैध बेटिंग ऐप पर ED का शिकंजा, क्रिकेट और फिल्मी सितारों की संपत्ति अटैच
जांच में जुटी एजेंसियां
इस हादसे में मारे गए लोगों में एक पूर्व NASCAR ड्राइवर, उनके परिवार के सदस्य और अन्य पेशेवर शामिल बताए जा रहे हैं। अमेरिकी विमानन प्रशासन (FAA) और नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक हादसे के समय इलाके में हल्की बारिश और कम दृश्यता की स्थिति थी, हालांकि दुर्घटना की असली वजह जांच पूरी होने के बाद ही साफ हो पाएगी। लगातार सामने आ रहे ऐसे विमान हादसों ने एक बार फिर उड़ान सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।