Major plane crash in Florida: अमेरिका के फ्लोरिडा में रविवार को एक दर्दनाक विमान हादसे ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। नौ लोगों को लेकर जा रहा एक प्राइवेट जेट अचानक आसमान से नीचे गिरा और रिहायशी इलाके के पास सड़क पर जोरदार धमाके के साथ दुर्घटनाग्रस्त हो गया। टक्कर लगते ही विमान आग के विशाल गोले में तब्दील हो गया। इस भीषण हादसे में विमान में सवार सभी नौ लोगों की मौत हो गई। हादसे के दौरान आसमान में काले धुएं का गुबार छा गया और आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, विमान टेक्सास से बहामास की ओर जा रहा था।
पाम बीच काउंटी में हुआ भीषण हादसा
यह दुर्घटना फ्लोरिडा के पाम बीच काउंटी के ग्रीनएकर्स इलाके में हुई। अधिकारियों के मुताबिक, लियरजेट-60 (Learjet 60) रविवार दोपहर करीब 12:50 बजे दुर्घटनाग्रस्त हुआ। विमान ने टेक्सास के ऑस्टिन-बर्गस्ट्रॉम इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी और इसका गंतव्य बहामास था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विमान तेजी से नीचे की ओर आता दिखाई दिया और कुछ ही पलों में सड़क के नजदीक जमीन से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वहां आग का बड़ा गोला बन गया और सड़क पर गहरा गड्ढा पड़ गया।
सड़क पर मची अफरा-तफरी, आसपास के घरों तक पहुंची आग
हादसे के बाद घटनास्थल पर धुएं का घना गुबार फैल गया। आसपास मौजूद लोगों ने जोरदार धमाके की आवाज सुनी। सड़क से गुजर रहे कुछ वाहन भी दुर्घटना के बेहद करीब थे। विमान का मलबा सड़क और आसपास के इलाके में बिखर गया। राहत की बात यह रही कि शुरुआती सरकारी जानकारी में जमीन पर मौजूद लोगों की मौत की पुष्टि नहीं हुई। हालांकि, हादसे के खतरे को देखते हुए आसपास की मोबाइल होम कम्युनिटी से करीब 600 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था की गई।
खराब मौसम और तकनीकी गड़बड़ी की आशंका
हादसे से पहले इलाके में खराब मौसम और गरज-चमक के साथ बारिश की स्थिति बनी हुई थी। हवाई यातायात नियंत्रण से सामने आई जानकारी के अनुसार, पायलट ने विमान पर बर्फ जमने, बारिश और तेज झटकों की शिकायत की थी। इसके बाद उसने विमान को अधिक ऊंचाई पर ले जाने की अनुमति मांगी। कुछ ही देर बाद विमान तेजी से नीचे आने लगा और पायलट ने आपातकालीन संदेश भी दिया। हालांकि, खराब मौसम या तकनीकी खराबी में से किस वजह से यह हादसा हुआ, इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
FAA और NTSB ने शुरू की जांच
हादसे के बाद अमेरिका की फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) और नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) ने जांच शुरू कर दी है। अमेरिकी परिवहन मंत्री सीन डफी ने नौ लोगों की मौत की पुष्टि करते हुए घटना को बेहद दुखद बताया। स्थानीय प्रशासन ने दुर्घटनास्थल के आसपास की सड़कों को बंद कर दिया और लोगों से उस रास्ते पर जाने से बचने की अपील की। जांच एजेंसियां विमान के मलबे, उड़ान से जुड़े रिकॉर्ड और पायलट के अंतिम संदेशों की पड़ताल कर रही हैं। मृतकों की पहचान और हादसे की वास्तविक वजह सामने आने का इंतजार है।