Horrific road accident in Maharashtra: महाराष्ट्र के बीड जिले में खामगांव-पंढरपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर भीषण सड़क हादसा हुआ है। माजलगांव तालुका के शिंदेवाड़ी फाटा के पास कार और महाराष्ट्र राज्य परिवहन (एसटी) की बस के बीच टक्कर हो गई। हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत होने की खबर है, जबकि एक व्यक्ति घायल बताया जा रहा है। सभी लोग तुलजापुर में दर्शन के लिए जा रहे थे।
सुबह करीब 11 बजे हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, दुर्घटना रविवार सुबह करीब 11 बजे शिंदेवाड़ी फाटा के पास हुई। कार में माजलगांव शहर के गजानन नामदास समेत पांच लोग सवार थे। टक्कर इतनी गंभीर थी कि कार सवार सभी पांच लोगों की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
तुलजापुर दर्शन के लिए जा रहा था परिवार
बताया जा रहा है कि माजलगांव का यह परिवार तुलजापुर में दर्शन करने जा रहा था। रास्ते में कार की एसटी बस से टक्कर हो गई। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है। घटना के संबंध में पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
यह भी देखेंःकोलकाता पंडाल हादसा: 19 मौतों के बाद एक्शन में CM शुभेंदु, सुरक्षा चूक की जांच शुरू
सड़क की गुणवत्ता पर स्थानीय लोगों ने उठाए सवाल
स्थानीय लोगों ने खामगांव-पंढरपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर माजलगांव-तेलगांव-धारूर मार्ग की स्थिति पर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि सड़क निर्माण की गुणवत्ता खराब होने के कारण पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। लोगों के मुताबिक, सड़क पर कई जगह ऊबड़-खाबड़ हिस्से और दरारें हैं। उन्होंने निर्माण कार्य से जुड़े ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस जांच में जुटी, हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा
घटना के बाद स्थानीय लोगों के सड़क पर उतरने और रास्ता जाम करने की भी जानकारी सामने आई है। पुलिस मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा ले रही है। फिलहाल हादसे के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई।