हापुड़। जनपद के गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली क्षेत्र में रविवार को दिल्ली-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। गोवंश को बचाने के प्रयास में दो तेज रफ्तार कारों की जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि इसी दौरान हाईवे से गुजर रहा एक स्कूटी सवार दोनों वाहनों की चपेट में आकर नीचे दब गया और उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में एक अन्य व्यक्ति की भी जान चली गई, जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हाईवे-09 पर अचानक गोवंश आ जाने से एक कार चालक ने वाहन को बचाने का प्रयास किया। इसी दौरान पीछे से आ रही दूसरी कार अनियंत्रित होकर उससे जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए। इसी बीच वहां से गुजर रहा स्कूटी सवार युवक दोनों कारों के बीच फंस गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। हाईवे पर लंबा जाम लग गया और राहगीरों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सीओ राहुल यादव और एसएचओ गढ़मुक्तेश्वर देवेंद्र बिष्ट, राहत-बचाव दल सहित मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां उनका उपचार जारी है। घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसे के बाद पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात को सुचारु कराया। मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मृतकों की पहचान कराने के साथ-साथ हादसे के कारणों की गहन जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसे की मुख्य वजह हाईवे पर अचानक गोवंश का आ जाना माना जा रहा है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।