Accident News: शादी समारोह से घर लौट रहे छह लोगों से भरी तेज रफ्तार कार मंगलवार देर रात रेलिंग तोड़ते हुए शारदा नहर में गिर गई। गेट लॉक होने के कारण कार में बैठे लोग बाहर नहीं निकल सके, जिससे 5 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। ड्राइवर की हालत नाजुक बताई जा रही है। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखीमपुर खीरी सड़क हादसे का संज्ञान लिया है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्ति की है। साथ ही घायल के समुचित इलाज के लिए प्रशासन को निर्देश दिए हैं।
कार अनियंत्रित होकर शारदा नहर में गिर गई
पढुआ थाना प्रभारी निरीक्षक विवेक उपाध्याय ने बताया कि मंगलवार रात शादी समारोह से घर वापस लौट रही कार (यूपी 32 बीए 2399) अनियंत्रित होकर शारदा नहर में गिर गई थी। कार रेलिंग तोड़ते हुए सुतिया साईफन, मझरा पूरब के पास शारदा नहर में समा गई थी। इस दौरान कार के गेट लॉक हो गए थे। इससे अंदर बैठे लोग बाहर नहीं निकल सके। ग्रामीणों ने मदद के साथ पुलिस को सूचना दी।
ग्रामीणों की मदद से कार को बाहर निकलवाया
पढुआ थाने से एसआई अभिषेक सिंह ने पुलिस बल के साथ पहुंच कर ग्रामीणों की मदद से कार को बाहर निकलवाया। एंबुलेस और अन्य साधनों से सभी को आननफानन सीएचसी रमिया बेहड़ पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जितेंद्र पुत्र विपिन बिहारी, निवासी घाघरा बैराज, थाना सुजौली, बहराइच, घनश्याम पुत्र बल्लू, निवासी घाघरा बैराज, थाना सुजौली, बहराइच, लालजी पुत्र मेवा लाल, निवासी सीशियन पुरवा, थाना सुजौली, बहराइच, अजीमुल्ला पुत्र (अज्ञात), निवासी गिरिजापुरी, थाना सुजौली, बहराइच, सुरेंद्र पुत्र विशुसोखा, निवासी रामवृक्ष पुरवा, थाना सुजौली, बहराइच को मृत घोषित कर दिया। कार चालक बबलू गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज जारी है।
लखनऊ में बस और डीसीएम की टक्कर
वहीं दूसरी घटना राजधानी लखनऊ के बिजनौर थाना क्षेत्र के किसान पथ पर स्थित अनुप खेड़ा गांव के पास मंगलवार शाम बारातियों से भरी बस और उल्टी दिशा से आ रही डीसीएम की आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कि बस के परखच्चे उड़ गए। इस हादसे में एक 70 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि 11 बाराती घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस दमकल कर्मियों के साथ मौके पर पहुंची और बस में फंसे लोगों को निकलवाकर अस्पताल भिजवाया।
30-35 लोग थे सवार
पुलिस के मुताबिक बस में तीस पैंतीस के करीब बराती सवार थे। पुलिस दमकल कर्मियों के साथ बचाव कार्य में जुटी हुई है। वहीं हादसे की खबर मिलते ही घराती-बाराती के घरवालों में कोहराम मच गया। घटनाक्रम के मुताबिक मंगलवार शाम सात बजे बिजनौर थाना क्षेत्र के किसान पथ पर स्थित अनुप खेड़ा गांव के पास सुल्तानपुर जिले के ग्राम लखौटा से बरात लेकर इटावा जा रही बस यूपी 44 एटी 6853 की उल्टी दिशा से आ रही डीसीएम यूपी 76 टी टी 7232 की आमने-सामने की भिड़ंत हो गई।
एक की मौत, 11 घायल
बस में करीब तीस से पैंतीस लोग सवार थे। हादसे में एक 70 वर्षीय बुजुर्ग राम मझोर की मौत हो गई, जबकि 11 बराती गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में साधुराम, अमरनाथ, लक्ष्मण यादव, वासुदेव, राजेश कुमार यादव, प्रदीप यादव, शकील, संतोष व संदीप। पुलिस सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।