नोएडा। नोएडा में वैलेंटाइन डे के दिन एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। थाना सेक्टर-39 क्षेत्र के अंतर्गत सेक्टर-107, दादरी रोड पर पिलर नंबर-84 के पास एक कार (रजिस्ट्रेशन नंबर DL14CL6473) खड़ी मिली, जिसमें दो युवक-युवती के शव गोली लगी हालत में पाए गए।
पुलिस की प्राथमिक जांच में यह मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ी संदिग्ध आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है।पुलिस को सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची टीम ने कार का निरीक्षण किया। कार के अंदर से एक पिस्टल युवक के हाथ में मिली, जबकि कार अंदर से लॉक थी। दोनों के सिर में गोली लगी हुई थी। मृतकों की पहचान सुमित पुत्र राजवीर, निवासी त्रिलोकपुरी, दिल्ली, उम्र 32 वर्ष और रेखा पुत्री देवचंद, निवासी सलारपुर, सेक्टर-101, नोएडा, उम्र 26 वर्ष के रूप में हुई।
प्राथमिक जांच के अनुसार युवक सुमित ने पहले युवती रेखा को गोली मारी और उसके बाद खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। मौके से एक पिस्टल और कारतूस बरामद किए गए हैं।
परिजनों को सूचना दे दी गई है।घटनास्थल का निरीक्षण वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और फोरेंसिक टीम ने किया। दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अन्य आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है तथा मामले की गहन जांच जारी है। फिलहाल इलाके में शांति व्यवस्था पूरी तरह कायम है।पुलिस ने स्पष्ट किया है कि प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला लग रहा है, लेकिन फोरेंसिक रिपोर्ट और अन्य जांच के बाद ही अंतिम निष्कर्ष निकाला जाएगा। इस घटना से इलाके में शोक की लहर है, खासकर वैलेंटाइन डे के मौके पर ऐसी दर्दनाक घटना ने लोगों को झकझोर दिया है।