मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव गांधीसागर फॉरेस्ट रिट्रीट में हॉट एयर बैलून की सवारी के दौरान एक अनहोनी से बच गए। तेज हवा के चलते हॉट एयर बैलून उड़ान नहीं भर सका और उसमें आग लग गई। लेकिन समय रहते नियंत्रण कर लिया गया। कलेक्टर अदिती गर्ग ने पूरी घटना पर स्पष्टीकरण देते हुए सुरक्षा मानकों का पालन होने की पुष्टि की है। मुख्यमंत्री ने बोटिंग व टेंट सिटी का अवलोकन भी किया।
सीएम मोहन यादव का हॉट एयर बैलून में सवारी का अनुभव अधूरा रह गया
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शनिवार सुबह गांधीसागर फॉरेस्ट रिट्रीट स्थित हिंगलाज रिसोर्ट से हॉट एयर बैलून सवारी का आनंद लेने के लिए निकले थे। हालांकि तेज हवा के कारण बैलून उड़ान नहीं भर सका। इस दौरान हॉट एयर बैलून के निचले हिस्से में अचानक आग लग गई। मगर, तुरंत कार्रवाई करते हुए आग को काबू में ले लिया गया और ट्रॉली को सुरक्षित स्थान पर रोका गया। ट्रॉली में सीएम सवार थे, लेकिन किसी प्रकार की चोट की सूचना नहीं मिली।
कलेक्टर ने सुरक्षा व्यवस्था पर किया खुलासा
मंदसौर कलेक्टर अदिती गर्ग ने स्पष्ट किया कि हॉट एयर बैलून की सवारी के दौरान सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन किया गया था। उन्होंने कहा कि यह घटना केवल मौसम की बदलती परिस्थितियों के कारण हुई थी, न कि सुरक्षा में किसी चूक से। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सिर्फ हॉट एयर बैलून की जांच करने और पर्यावरण का अनुभव लेने के उद्देश्य से वहां गए थे। कलेक्टर ने मीडिया से आग्रह किया कि किसी भी प्रकार की अफवाह न फैलाई जाए।
प्राकृतिक सौंदर्य का भी लिया आनंद
हॉट एयर बैलून सवारी के प्रयास से पहले मुख्यमंत्री ने चंबल नदी के सुंदर व आकर्षक दृश्य का आनंद लेते हुए बोटिंग की। इसके साथ ही उन्होंने बाइक बोट चलाकर भी साहसिक गतिविधियों का अनुभव किया। इसके बाद डॉ. मोहन यादव ने टेंट सिटी का अवलोकन करते हुए वहां उपलब्ध पर्यटन सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियां न केवल पर्यटन को बढ़ावा देंगी, बल्कि प्रदेश की प्राकृतिक धरोहरों को समझने का नया अवसर भी प्रदान करेंगी।
प्रदेश में पर्यटन को मिलेगा नया आयाम
मुख्यमंत्री ने कहा कि गांधीसागर क्षेत्र की पर्यटन संभावनाएं अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। राज्य सरकार पर्यटन के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। ऐसी गतिविधियां पर्यटकों को आकर्षित करेंगी और स्थानीय लोगों को रोजगार के नए अवसर भी उपलब्ध कराएंगी।