थापरनगर में मुस्लिम द्वारा मकान खरीदने को लेकर चल रहा विवाद सुलझ गया है। अब मुस्लिम परिवार से हिंदू मकान खरीदेगा। समझौते के बाद दोनों पक्ष के लोग जिला अस्पताल में भर्ती मकान खरीदने वाले सईद को देखने गए और उसे भरोसा दिलाया गया है कि खरीदे गए मकान की पूरी रकम उन्हें वापास कराई जाएगी।
पुलिस ने पलायन की घटना से इनकार किया
थापर नगर की गली नंबर सात निवासी नरेश कालरा से खैरनगर निवासी सईद अहमद दूध वाले ने एक सप्ताह पहले मकान खरीदा था। गुरुवार रात को वह परिवार के साथ आकर रहने लगे थे। शुक्रवार को जब थापर नगर के लोगों की इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने विरोध करते हुए हंगामा किया था और पलायन की धमकी दी थी। हालांकि पुलिस ने पलायन की घटना से इन्कार किया था, लेकिन इस विवाद को लेकर शनिवार को छह घंटे तक हिंदू संगठनों ने सदर थाने में धरना देकर हनुमान चालीस का पाठ किया था।
गुरुनानक दरबार में बैठक हुई
रविवार को थापरनगर में मांस फेंकने की घटना से पूरा माहौल गरमा दिया था। हालांकि रविवार देर शाम सपा नेता जीतू नागपाल ने इससे मामले में पहल की और दोनों पक्ष विवाद निपटाने पर सहमत हो गए। इस मामले में रविवार को पहले थापर नगर गली नंबर सात स्थित गुरुद्वारा सिंह गुरुनानक दरबार में बैठक हुई। इसमें सचिन सिरोही, भाजपा नेता नवीन अरोडा, जीतू सिंह नागपाल और थापर नगर के रहने वाले अन्य लोग शामिल हुए। इसमें जीतू नागपाल ने कहा कि वह जिम्मेदारी ले रहे हैं कि यह मकान हिंदू परिवार को ही दिलाएंगे। फिर देर शाम जीतू सिंह नागपाल के नेतृत्व में सोतीगंज में स्पेयर पार्ट्स की दुकान पर बैठक हुई।
मकान अब हिंदू परिवार खरीदेगा
इसमें राहुल ठाकुर, वेदांत अरोड़ा, जीतू नागपाल और दूसरे पक्ष से सईद के चाचा कल्लू पहलवान, पार्षद शाहिद पहलवान और शाहबाज शामिल हुए। समझौते में तय किया गया कि सईद को बेचा गया मकान अब हिंदू परिवार खरीदेगा। समझौते के बाद जीतू नागपाल ने एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर शेयर किया, जिसमें दोनों पक्षों में समझौते का जिक्र किया है। समझौते के बाद जिला अस्पताल में इलाज करा रहे सईद को देखने के लिए लोग पहुंचे। युवा सेवा समिति के अध्यक्ष बदर अली का कहना है कि पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि सईद के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।