
Dog licking Woman dies: ब्रिटेन के नॉरफ़ॉक में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां 83 वर्षीय महिला जून बैक्सटर की मौत सिर्फ इसलिए हो गई क्योंकि उनके पैर पर लगे मामूली घाव को उनके पालतू कुत्ते ने चाट लिया था. दरअसल, 29 जून को अपने घर के शौचालय में वह फिसल गई थीं और उनके पैर में कट लग गया. उनकी पोती के आने से पहले वह अकेली थीं और इस दौरान उनके पालतू कुत्ते ने घाव को चाट लिया. बाद में संक्रमण फैल गया और 7 जुलाई को सेप्टिक शॉक की वजह से उनकी मृत्यु हो गई.
जानिए कैसे फैलता है संक्रमण
चिकित्सा जांच में पता चला कि महिला के घाव में Pasteurella multocida नाम का बैक्टीरिया पाया गया, जो लगभग 50% कुत्तों के मुंह में आमतौर पर मौजूद रहता है. हालांकि यह बैक्टीरिया कुत्तों को नुकसान नहीं पहुंचाता, लेकिन इंसानों के लिए खतरनाक साबित हो सकता है, खासकर तब जब उनकी इम्यूनिटी पहले से कमजोर हो. बैक्सटर को पहले से ही किडनी, लिवर और दिल से जुड़ी समस्याएं थीं, जिसकी वजह से उनका शरीर संक्रमण से नहीं लड़ सका.
कैसे बचें इस खतरे से
विशेषज्ञों के अनुसार, अगर आप पूरी तरह स्वस्थ हैं तो पालतू जानवरों का आपको चाटना बहुत बड़ा खतरा नहीं है, लेकिन सावधानी जरूरी है। खासकर, आंख, नाक, मुंह और खुले घाव जैसे संवेदनशील हिस्सों को चाटने से रोकना चाहिए. क्योंकि ये हिस्से बैक्टीरिया के शरीर में प्रवेश करने के लिए सबसे आसान रास्ते होते हैं. डॉक्टर सलाह देते हैं कि अगर किसी को पहले से कोई बीमारी हो या इम्यून सिस्टम कमजोर हो, तो पालतू जानवरों की लार से दूर रहना ही बेहतर है.