बाजार में मिलने वाले महंगे स्किन प्रोडक्ट्स के बीच विटामिन ई कैप्सूल एक किफायती और असरदार विकल्प बनकर उभरा है. बालों, त्वचा और आंखों के लिए यह कैप्सूल चमत्कारी माना जाता है. खास बात यह है कि रात में इसे चेहरे पर लगाने से त्वचा में निखार आने के दावे किए जाते हैं, जिस वजह से यह अब कई लोगों की डेली स्किन केयर रूटीन का हिस्सा बन चुका है.
क्या वाकई स्किन होती है ग्लोइंग और जवां?
विटामिन ई एक शक्तिशाली एंटीऑक्सीडेंट होता है, जो स्किन में ब्लड सर्कुलेशन सुधारता है और स्किन को टाइट, फ्रेश और हेल्दी लुक देता है. 2013 की एक रिसर्च में इसे एजिंग को धीमा करने में भी कारगर बताया गया. हालांकि, इसके सभी प्रभाव वैज्ञानिक रूप से पूरी तरह साबित नहीं हुए हैं, लेकिन लाखों लोगों के अनुभव इसे कारगर बताते हैं.
दाग-धब्बों और मेलाज़्मा पर भी असरदार, लेकिन शर्त के साथ
हार्मोनल बदलाव और सूरज की किरणों से होने वाले काले धब्बों को विटामिन ई हल्का कर सकता है. हालांकि अकेले इसका असर सीमित हो सकता है, लेकिन जब इसे विटामिन C के साथ इस्तेमाल किया जाए तो परिणाम बेहतर देखे गए हैं. एक्ने मार्क्स को हल्का करने में भी यह आंशिक रूप से मदद करता है.
होंठों के लिए भी नेचुरल बाम का काम करता है
अगर होंठ बार-बार सूखते हैं या फटते हैं, तो विटामिन ई ऑयल उन्हें सॉफ्ट और हेल्दी रखने में मदद करता है. इसका गाढ़ा टेक्सचर नमी को बनाए रखता है और नई कोशिकाओं के निर्माण को प्रोत्साहित करता है.
कैसे करें सही इस्तेमाल, ताकि मिले पूरा फायदा
रात को सोने से पहले विटामिन ई ऑयल लगाने की सलाह दी जाती है. चेहरे को अच्छी तरह साफ करें, फिर 10 बूंद किसी कैरियर ऑयल (जैसे नारियल, जोजोबा या बादाम तेल) में 1–2 बूंद विटामिन ई मिलाकर हल्के हाथों से चेहरे पर लगाएं. इसे हफ्ते में 1–2 बार इस्तेमाल करना बेहतर माना जाता है.
ध्यान रखें: हर स्किन टाइप के लिए नहीं
संवेदनशील या एक्ने-प्रोन स्किन वालों को इसके इस्तेमाल से पहले पैच टेस्ट जरूर करना चाहिए. कुछ मामलों में यह पोर्स बंद कर सकता है, जिससे पिंपल्स की समस्या बढ़ सकती है.