
आजकल पालतू कुत्तों का क्रेज इतना बढ़ गया है कि लोग उन्हें सिर्फ गार्ड डॉग नहीं बल्कि परिवार का सदस्य मानने लगे हैं. खिलाना, घुमाना, गले लगाना और यहां तक कि अपने बिस्तर पर सुलाना भी आम बात हो चुकी है. सुनने में ये आदत बहुत प्यारी लगती है मानो बच्चे को पास सुला रहे हों लेकिन डॉक्टर्स की मानें तो ये प्यार कभी-कभी सेहत के लिए खतरनाक सौदा साबित हो सकता है. यहां तक की आप कई बीमारियों का शिकार हो सकते हैं जो आपके लिए बेहद हार्मफुल है.
क्यों लोग कुत्तों को बिस्तर पर सुलाते हैं?
ज्यादातर डॉग लवर्स अपने पालतू को बिस्तर पर इसलिए रखते हैं ताकि वो अकेलापन महसूस न करे. ठंड के मौसम में कुत्ते के साथ सोना गर्माहट भी देता है. कई लोग इसे सुरक्षा और मानसिक सुकून का जरिया मानते हैं मानो कुत्ता रातभर चौकीदार की तरह पास में बैठा हो. सच कहें तो डॉग पेरेंट्स के लिए ये आदत उनके रिश्ते की गहराई और अपनापन दिखाती है लेकिन हकीकत ये भी है कि इस प्यार की कीमत कभी-कभी सेहत को चुकानी पड़ सकती है.
डॉक्टर्स ने जारी की ये चेताव
नींद, एलर्जी और संक्रमण का खतरा- विशेषज्ञों का साफ कहना है कि कुत्ते को रोज अपने बिस्तर पर सुलाना कई दिक्कतें खड़ी कर सकता है. एलर्जी का खतरा- कुत्तों के बाल और त्वचा पर मौजूद डैंडर से सांस की समस्या और स्किन एलर्जी हो सकती है, संक्रमण का रिस्क- मिट्टी और गंदगी में घूमने से उनके पंजों पर बैक्टीरिया और परजीवी लग जाते हैं, जो सीधे आपके बेड तक पहुंचते हैं. नींद में खलल-कुत्ते रातभर करवट बदलते हैं या कभी अचानक उठ खड़े होते हैं, जिससे नींद बार-बार टूटती है. त्वचा रोग- उनके फर पर मौजूद फंगस और कीड़े इंसानों तक पहुंचकर खतरनाक स्किन डिजीज फैला सकते हैं.
किन्हें सबसे ज्यादा सावधान रहना चाहिए?
कमजोर इम्यूनिटी वाले लोगों के लिए बड़ा खतरा डॉक्टर्स के अनुसार, अस्थमा या एलर्जी से पीड़ित लोग, छोटे बच्चे, बुजुर्ग, प्रेग्नेंट महिलाएं और त्वचा रोग से जूझ रहे लोग को कुत्तों को बेड पर सुलाने से बचना चाहिए. अगर आप फिर भी डॉग को पास रखना चाहते हैं तो कुछ सावधानियां जरूरी हैं उसे रोजाना नहलाएं, पंजों की सफाई करें, वैक्सिनेशन और डिवार्मिंग नियमित कराएं, और बेड पर चढ़ाने से पहले उसके लिए अलग कंबल या बेडशीट का इस्तेमाल करें वरना प्यार जताने का यह तरीका कभी-कभी जिंदगीभर की परेशानी बन सकता है.