How To Get Thick Malai : दूध से निकली ताजी और मोटी मलाई खाने का स्वाद ही अलग होता है. इसी मलाई से घर पर मक्खन और देसी घी भी तैयार किया जा सकता है. लेकिन कई बार दूध उबालने के बाद ऊपर बहुत पतली परत बनती है, जिससे पर्याप्त मलाई इकट्ठा करना मुश्किल हो जाता है. अगर आपके साथ भी ऐसा होता है, तो दूध जमाने के इस आसान तरीके को आजमाया जा सकता है.
दूध उबालते समय रखें इस बात का ध्यान
मलाई अच्छी तरह जमाने के लिए सबसे पहले फुल-क्रीम या ज्यादा फैट वाला ताजा दूध इस्तेमाल करें. दूध को किसी भारी तले वाले बर्तन में डालकर मध्यम आंच पर गर्म करें। उबाल आने तक इसे बीच-बीच में चलाते रहें, ताकि दूध नीचे न लगे।
डालें एक खास चीज
दूध को अच्छी तरह उबालने के बाद इसमें एक चम्मच मलाई या ताजी क्रीम मिलाई जा सकती है. इसे दूध में अच्छी तरह घोल दें और कुछ देर हल्की आंच पर पकने दें। ज्यादा मात्रा में डालने की जरूरत नहीं है। दूध की गुणवत्ता और फैट के हिसाब से मलाई की मोटाई अलग-अलग हो सकती है.
अब ऐसे जमाएं मोटी मलाई
दूध तैयार होने के बाद इसे बिना हिलाए कमरे के तापमान तक ठंडा होने दें. इसके बाद बर्तन को ढककर फ्रिज में रख दें। ठंडा होने पर दूध की ऊपरी सतह पर मलाई की परत जमने लगेगी। रोज दूध से बनने वाली मलाई को धीरे से निकालकर एक साफ डिब्बे में जमा करते रहें.
मलाई से बनाएं घर का घी
जब पर्याप्त मलाई इकट्ठी हो जाए तो उसमें थोड़ा दही डालकर रातभर रख सकते हैं. अगले दिन इसे मथकर मक्खन अलग करें। मक्खन को कड़ाही में धीमी आंच पर पकाने पर धीरे-धीरे पानी अलग होगा और सुनहरा देसी घी तैयार हो जाएगा.
ध्यान रखें ये जरूरी बात
मोटी मलाई के लिए दूध का फैट सबसे अहम होता है. इसलिए अच्छी गुणवत्ता वाले फुल-क्रीम दूध का इस्तेमाल करें और दूध को पर्याप्त समय तक उबालें। सही तरीके से ठंडा करने पर मलाई की परत ज्यादा अच्छी तरह जम सकती है.