Winter Lifestyle Hacks : सर्दियों का मौसम आते ही मोटी-भारी जैकेट, कोट और हुडी हमारी रोज़मर्रा की ज़रूरत बन जाते हैं. लेकिन इन्हें बार-बार धोना न सिर्फ मुश्किल होता है, बल्कि कई बार जैकेट की शेप और गर्माहट भी खराब हो जाती है। कुछ जैकेट्स इतनी भारी होती हैं कि उन्हें धोने के बाद सूखने में कई दिन लग जाते हैं। ऐसे में सवाल उठता है—क्या बिना धोए जैकेट को साफ रखा जा सकता है? अच्छी खबर यह है कि हाँ, बिल्कुल। अगर जैकेट बहुत ज़्यादा गंदी नहीं है और सिर्फ बदबू, धूल या हल्के दाग हैं, तो कुछ आसान घरेलू तरीकों से आप उसे साफ और फ्रेश रख सकते हैं, वो भी बिना वॉश किए.
हवा और धूप: सबसे आसान और कारगर तरीका
मोटी जैकेट को साफ रखने का सबसे सरल तरीका है.... हवा और हल्की धूप. अक्सर जैकेट में बदबू पसीने या नमी की वजह से आती है। ऐसे में जैकेट को खुले और हवादार स्थान पर टांग देना काफी असरदार होता है। ध्यान रखें कि तेज़ धूप में लंबे समय तक न रखें, क्योंकि इससे रंग फीका पड़ सकता है। सुबह या शाम की हल्की धूप और ताज़ी हवा जैकेट के अंदर जमा नमी और गंध को दूर कर देती है। अगर धूप उपलब्ध न हो, तो बालकनी या खिड़की के पास भी जैकेट को कुछ घंटों के लिए टांग सकते हैं। यह तरीका खासतौर पर ऊनी और पफर जैकेट्स के लिए बहुत उपयोगी है.
ब्रश और गीले कपड़े से करें स्पॉट क्लीनिंग
अगर जैकेट पर कहीं धूल, मिट्टी या हल्के दाग दिख रहे हों, तो पूरी जैकेट धोने की ज़रूरत नहीं है। इसके लिए एक सॉफ्ट ब्रश या साफ सूती कपड़े का इस्तेमाल करें। पहले सूखे ब्रश से जैकेट की सतह पर जमी धूल हटा लें। इसके बाद हल्का गीला कपड़ा लें और दाग वाली जगह को धीरे-धीरे साफ करें। ध्यान रखें कि कपड़ा ज़्यादा गीला न हो। अगर चाहें तो पानी में एक-दो बूंद माइल्ड साबुन मिला सकते हैं। यह “स्पॉट क्लीनिंग” तरीका जैकेट को नया-सा लुक देने में मदद करता है और बार-बार वॉश करने से भी बचाता है.
बदबू हटाने के घरेलू नुस्खे
कभी-कभी जैकेट देखने में साफ होती है लेकिन उसमें से हल्की बदबू आने लगती है। ऐसे में बेकिंग सोडा बहुत काम का साबित होता है. जैकेट के अंदर हल्का-सा बेकिंग सोडा छिड़क दें और रात भर ऐसे ही छोड़ दें। सुबह हल्के हाथ से झाड़कर बेकिंग सोडा हटा दें। यह बदबू को सोख लेता है। इसके अलावा, आप कपड़े वाले फ्रेशनर स्प्रे या गुलाब जल और पानी का हल्का मिश्रण भी इस्तेमाल कर सकते हैं। स्प्रे करते समय दूरी बनाए रखें ताकि जैकेट गीली न हो। ये तरीके जैकेट को फ्रेश रखते हैं और वॉश की ज़रूरत नहीं पड़ती.
सही स्टोरेज से भी रहेगी जैकेट साफ
जैकेट को साफ रखने में उसकी स्टोरेज का भी बड़ा रोल होता है. इस्तेमाल के बाद जैकेट को कभी भी गीली या मुड़ी हुई अवस्था में न रखें। हमेशा अच्छे हैंगर पर टांगें ताकि हवा का प्रवाह बना रहे। अलमारी में रखने से पहले यह सुनिश्चित करें कि जैकेट पूरी तरह सूखी हो। नमी से बदबू और फंगस दोनों हो सकते हैं। चाहें तो अलमारी में नीम की पत्तियाँ या लैवेंडर सैशे रख सकते हैं, जिससे जैकेट में ताज़गी बनी रहती है। सही देखभाल से आपकी मोटी-भारी जैकेट पूरे मौसम साफ, आरामदायक और टिकाऊ बनी रह सकती है... वो भी बिना बार-बार धोए.