Dhaniya Chatni : धनिया की चटनी भारतीय खाने का स्वाद कई गुना बढ़ा देती है. समोसा, पकौड़े, पराठे, सैंडविच या चाट के साथ इसका स्वाद हर किसी को पसंद आता है। लेकिन अक्सर घर पर बनाई गई चटनी कुछ ही देर में अपना ताजा हरा रंग खो देती है और हल्की काली या भूरी दिखाई देने लगती है। वहीं, रेस्टोरेंट में मिलने वाली चटनी लंबे समय तक चमकदार हरी बनी रहती है। इसका कारण कुछ आसान किचन टिप्स और सही बनाने का तरीका है.
ताजा और मुलायम धनिया का करें चुनाव
अच्छी चटनी की शुरुआत अच्छी सामग्री से होती है। हमेशा ताजा, हरे और मुलायम पत्तों वाला धनिया चुनें. पीले या मुरझाए हुए पत्तों का इस्तेमाल करने से चटनी का रंग और स्वाद दोनों प्रभावित हो सकते हैं। धनिया को अच्छी तरह धोकर अतिरिक्त पानी निकाल लें, ताकि चटनी का स्वाद और गाढ़ापन सही बना रहे.
बर्फ का इस्तेमाल रखेगा रंग बरकरार
चटनी पीसते समय मिक्सर में एक या दो बर्फ के टुकड़े डालने से उसका तापमान ज्यादा नहीं बढ़ता. इससे धनिया का प्राकृतिक हरा रंग लंबे समय तक बना रहता है। मिक्सर की गर्मी कई बार पत्तियों का रंग बदल देती है, इसलिए बर्फ का यह छोटा-सा उपाय काफी असरदार माना जाता है.
नींबू का रस बढ़ाएगा ताजगी
धनिया की चटनी में थोड़ा सा नींबू का रस मिलाने से न सिर्फ स्वाद बेहतर होता है, बल्कि उसका रंग भी लंबे समय तक ताजा दिखाई देता है। नींबू की हल्की खटास चटनी को संतुलित स्वाद देती है और ऑक्सीकरण की प्रक्रिया को कुछ हद तक धीमा करने में मदद करती है.
कम पानी डालकर पीसें
चटनी बनाते समय बहुत ज्यादा पानी डालने से उसका रंग और गाढ़ापन दोनों प्रभावित हो सकते हैं। जरूरत के अनुसार थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर चटनी पीसें। इससे चटनी गाढ़ी, स्वादिष्ट और देखने में भी आकर्षक बनेगी.
इन चीजों से बढ़ेगा स्वाद
धनिया के साथ हरी मिर्च, पुदीना, भुना जीरा, अदरक, लहसुन, नमक और थोड़ा सा नींबू मिलाने से चटनी का स्वाद और भी बढ़ जाता है। यदि हल्की मिठास पसंद हो तो थोड़ा सा चीनी या गुड़ भी मिलाया जा सकता है। इससे स्वाद संतुलित हो जाता है और चटनी कई तरह के स्नैक्स के साथ अच्छी लगती है.
सही तरीके से करें स्टोर
अगर चटनी को कुछ समय तक सुरक्षित रखना चाहते हैं, तो उसे साफ और एयरटाइट डिब्बे में भरकर फ्रिज में रखें। ऊपर से कुछ बूंदें नींबू का रस या हल्की-सी तेल की परत डालने से भी उसकी ताजगी बनाए रखने में मदद मिल सकती है। हमेशा साफ और सूखे चम्मच से ही चटनी निकालें.
आसान टिप्स से मिलेगी रेस्टोरेंट जैसा स्वाद
धनिया की चटनी का सुंदर हरा रंग किसी खास मशीन या महंगी सामग्री से नहीं, बल्कि सही तकनीक से आता है। ताजा धनिया, बर्फ का इस्तेमाल, संतुलित मात्रा में पानी और नींबू का रस जैसी छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखकर आप भी घर पर ऐसी चटनी बना सकते हैं जो देखने में आकर्षक हो और स्वाद में भी शानदार.