Plant Tips For Summer Season : गर्मी का मौसम सिर्फ इंसानों के लिए ही नहीं, बल्कि पौधों के लिए भी एक कठिन समय होता है. जैसे ही तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार जाता है, तो पौधों की पत्तियाँ मुरझाने लगती हैं, मिट्टी जल्दी सूख जाती है और पौधों का विकास रुक जाता है. कई बार तो पौधे जलने लगते हैं या सूखकर पूरी तरह खत्म हो जाते हैं। यदि आपके बगीचे या गमले के पौधे भी गर्मी में जल्दी-जल्दी सूख रहे हैं, तो यह लेख आपके लिए है.
पौधों के जल्दी सूखने के मुख्य कारण
गर्मी में पौधे सूखने के कई कारण हो सकते हैं:
अत्यधिक तापमान: सूरज की तीखी किरणें सीधे पत्तियों पर पड़ने से पत्तियाँ जल जाती हैं.
अधिक पानी की कमी: गर्मियों में मिट्टी जल्दी सूख जाती है, जिससे पौधों को पर्याप्त नमी नहीं मिल पाती.
गलत समय पर सिंचाई: दिन के बीच में पानी देने से पानी वाष्प बनकर उड़ जाता है, और पौधे को सही मात्रा में नमी नहीं मिलती.
मिट्टी की गुणवत्ता खराब होना: अगर मिट्टी में पानी रोकने की क्षमता नहीं है, तो पौधे जल्दी सूख सकते हैं.
इन उपायों को अपनाकर बचाएं अपने पौधों को गर्मी से
1. सुबह और शाम ही करें सिंचाई
गर्मी के मौसम में पौधों को पानी देने का सबसे सही समय सुबह जल्दी (6-8 बजे) और शाम को सूरज ढलने के बाद (6:30–7:30 बजे) होता है. इससे पानी वाष्प नहीं बनता और पौधों की जड़ों तक पहुंचता है.
2. मल्चिंग करें
मिट्टी की ऊपरी परत पर सूखे पत्ते, भूसा, लकड़ी की बुरादे या नारियल की छाल बिछाएं। इसे मल्चिंग कहते हैं। इससे मिट्टी में नमी बनी रहती है और गर्मी से बचाव होता है.
3. छायादार जाल या नेट लगाएं
अगर पौधे धूप में सीधे हैं, तो उन पर ग्रीन नेट या छायादार जाल लगाएं. इससे धूप का प्रभाव कम होगा और पौधे सुरक्षित रहेंगे.
4. गमलों की जगह बदलें
अगर आपके पौधे गमलों में हैं, तो उन्हें ऐसी जगह रखें जहां उन्हें सुबह की हल्की धूप मिले लेकिन दोपहर की तेज़ धूप से बचाया जा सके.
5. गहरे गमले और सही मिट्टी का करें उपयोग
छोटे गमलों में मिट्टी जल्दी सूखती है. गर्मियों में गहरे गमलों का इस्तेमाल करें जिनमें नमी ज्यादा देर तक बनी रहे। साथ ही, मिट्टी में कम्पोस्ट और कोकोपीट मिलाएं ताकि वह पानी को रोक सके.
6. पौधों पर पानी छिड़कें
पत्तियों पर दिन में 1-2 बार हल्का पानी छिड़कना भी फायदेमंद होता है, लेकिन ये काम तभी करें जब तापमान बहुत अधिक न हो (जैसे शाम के समय).
कुछ पौधे जो गर्मी सहन कर सकते हैं
अगर आप ऐसे पौधे लगाना चाहते हैं जो गर्मी में भी जीवित रह सकें, तो इनमें से चुन सकते हैं: तुलसी, एलोवेरा, स्नेक प्लांट, सदाबहार, गुलाब, लेमन ग्रास, सूरजमुखी आदि.
गर्मी के मौसम में पौधों की देखभाल थोड़ा अधिक ध्यान मांगती है, लेकिन सही समय पर पानी देना, मल्चिंग करना और पौधों को छाया देना जैसे छोटे-छोटे उपाय उनके जीवन को बचा सकते हैं. प्रकृति से जुड़ाव रखने वाले हर व्यक्ति के लिए यह जानना जरूरी है कि मौसम के अनुसार पौधों की ज़रूरतें बदलती हैं – और हमारी ज़िम्मेदारी है उन्हें समय पर पूरा करना.