उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के खैरटिया शीतलापुर गांव में एक अनोखी प्रेम कहानी ने सभी का ध्यान आकर्षित किया है. यहां दो युवा लड़कों ने समाज की रूढ़ियों, लिंग पहचान और सामाजिक बाधाओं को पार करते हुए एक-दूसरे के साथ सात फेरे लिए. यह शादी न केवल गांव में, बल्कि पूरे जिले में चर्चा का केंद्र बन गई है.
सोनू, जो अब खुद को सोनिया कहती हैं उन्होंने सबके सामने खुले दिल से कहा, "मैंने अपने दिल की सुनी है, समाज क्या कहता है उससे मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता. मुझे प्रेम कुमार से सच्चा प्यार है और मैं अपना जीवन उन्हीं के साथ बिताना चाहती हूं." सोनिया की ये बात सुनकर वहां मौजूद कई लोग भावुक हो गए, जबकि कुछ हैरान भी रह गए.
शिव मंदिर में हुआ विवाह
गांव के प्राचीन शिव मंदिर में पूरे पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ विवाह संपन्न हुआ. पंडित ने मंत्रोच्चार किया, फूलों से मंदिर सजाया गया और स्थानीय लोग बाराती बनकर इस ऐतिहासिक शादी के साक्षी बने. प्रेम कुमार ने पूरे सम्मान के साथ फेरे लिए और कहा, "हमारा रिश्ता किसी परिभाषा या बंधन में बंधा नहीं है, बल्कि सच्चे प्रेम पर आधारित है."
गांव में मिला समर्थन, तो कहीं उठे सवाल
इस विवाह को लेकर गांव में मिली-जुली प्रतिक्रिया देखने को मिली. कुछ लोगों ने इसे साहसिक फैसला बताया, जबकि कुछ ने इसे परंपराओं के खिलाफ और समाज की मान्यताओं के विरुद्ध भी माना. हालांकि पंचायत या प्रशासन की ओर से अब तक कोई आपत्ति दर्ज नहीं की गई है.
एलजीबीटीक्यू + समुदाय के लिए उम्मीद की किरण
यह विवाह एलजीबीटीक्यू + समुदाय के लिए एक प्रेरणा बनकर उभरा है, जहां पहचान और प्रेम के अधिकार को खुलकर स्वीकार किया गया. सोनिया और प्रेम कुमार की जोड़ी अब उन सभी लोगों के लिए मिसाल है, जो अपने दिल की आवाज़ सुनना चाहते हैं, लेकिन समाज के डर और बाधाओं की वजह से पीछे हट जाते हैं. उनका साहस कई लोगों को अपनी असली पहचान के साथ जीने की प्रेरणा दे रहा है.
प्रशासन की प्रतिक्रिया का इंतजार
अभी तक इस विवाह को लेकर प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं हुआ है. कानूनी दृष्टि से ट्रांसजेंडर व्यक्ति को अपनी पहचान के अनुसार विवाह करने का संवैधानिक अधिकार प्राप्त है, लेकिन जमीनी हकीकत में यह मुद्दा अभी भी विवाद और संघर्ष का विषय बना हुआ है. समाज में इसे अभी भी पूरी तरह स्वीकार नहीं किया गया है और इसे धर्म और पारंपरिक सामाजिक नियमों के खिलाफ माना जाता है.