HRTC Bus Brakes Fail in Kullu: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में रक्षाबंधन के दिन बड़ा सड़क हादसा हो गया। शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे भेखली के पास कटाहर गांव में हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बस ब्यासर से कुल्लू की ओर आ रही थी, तभी अचानक उसके ब्रेक फेल हो गए। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए बस को सड़क किनारे पहाड़ी से टकराकर रोक दिया। हादसे में करीब 38 यात्रियों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। बस में 60 से ज्यादा यात्री सवार बताए जा रहे हैं, जिनमें बड़ी संख्या महिलाओं की थी।
ब्रेक फेल होने के बाद चालक ने संभाली स्थिति
जानकारी के अनुसार HRTC की 47 सीटर बस कुल्लू से ब्यासर गई थी और करीब 11 बजे वापस कुल्लू की ओर रवाना हुई। भेखली के पास पहुंचते ही बस के ब्रेक अचानक फेल हो गए। इसके बाद चालक ने बस पर नियंत्रण बनाए रखने की कोशिश की और उसे सड़क किनारे पहाड़ी से टकरा दिया। टक्कर के बाद बस रुक गई। अगर बस ढांक से नीचे चली जाती तो हादसा और गंभीर हो सकता था। चालक की सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया।
रक्षाबंधन पर सफर कर रही थीं महिलाएं
हादसे में घायल हुए यात्रियों में ज्यादातर महिलाएं बताई जा रही हैं। रक्षाबंधन के मौके पर कई महिलाएं अपने भाइयों को राखी बांधने के लिए सफर कर रही थीं। बस के दुर्घटनाग्रस्त होते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने भी राहत और बचाव कार्य में मदद की। हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं।
यह भी देखेंःBaba Ramdev Sent Sweets: कंगना रनौत से विवाद के बीच बाबा रामदेव ने भेजी मिठाई, बोले- नफरत नहीं होनी चाहिए
घायलों को कुल्लू अस्पताल पहुंचाया गया
हादसे की जानकारी मिलने के बाद जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) कुल्लू और पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया। मौके पर एंबुलेंस भेजी गईं और घायलों को इलाज के लिए कुल्लू अस्पताल पहुंचाया गया। यात्रियों के परिजन भी अस्पताल पहुंचकर अपने रिश्तेदारों का हाल जानने लगे। प्रशासन की ओर से हादसे के बाद राहत और बचाव कार्य जारी रखा गया।
जयपुर में भी रक्षाबंधन से पहले दर्दनाक हादसा
रक्षाबंधन से एक दिन पहले राजस्थान की राजधानी जयपुर में भी एक दर्दनाक हादसा सामने आया। यहां निर्माणाधीन मकान की नींव के लिए खोदे गए गहरे गड्ढे में बारिश का पानी भर गया था। इसी पानी में डूबने से 11 वर्षीय बच्ची और उसके 7 वर्षीय भाई की मौत हो गई। दोनों बच्चों की मौत से परिवार में मातम छा गया। लगातार बारिश के बीच खुले गड्ढों को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं।