Festive Offers 2026: देश में फेस्टिव सीजन की शुरुआत हो गई है और ऑटोमोबाइल बाजार में डिस्काउंट की बारिश शुरू हो गई है। नवरात्रि से लेकर दिवाली तक, ऑटोमोबाइल कंपनियां ग्राहकों के लिए कई ऑफर्स लेकर आती है। अगर आप भी इस दिवाली नई कार खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो टाटा मोटर्स, मारुति सुजुकी और हुंडई जैसी दिग्गज कंपनियां अपनी लोकप्रिय गाड़ियों पर भारी छूट दे रही है। तो आइए जानते हैं किस कंपनी के किस कार पर कितनी छूट मिल रही है।
टाटा मोटर्स
टाटा मोटर्स की EV रेंज पर सबसे ज्यादा फायदा मिल रहा है, जहां ग्राहक 3.35 लाख रुपये तक की बचत कर सकते हैं। वहीं कंपनी की लोकप्रिय एसयूवी जैसे नेक्सन, हैरियर और सफारी पर भारी कैश डिस्काउंट और एक्सचेंज बोनस दिया जा रहा है। इसके अलावा हाल ही में लॉन्च हुई नई टाटा कर्व पर भी 1.25 लाख रुपये तक के ऑफर्स शामिल हैं।
मारुति सुजुकी
मारुति सुजुकी अपनी एरेना और नेक्सा दोनों ही डीलरशिप के मॉडल्स पर शानदार ऑफर दे रही है। ऑल्टो K10 पर 57,500 रुपये तक की छूट, सेलेरियो पर 67,500 तक की छूट और नई स्विफ्ट पर ग्राहकों को 71,000 रुपये तक का फायदा मिल रहा है। इसके अलावा मारुति की प्रीमियम कारों पर 1.65 लाख तक का सबसे बड़ा डिस्काउंट मिल रहा है।
हुंडई
हुंडई मोटर्स अपनी लोकप्रिय कारों पर कैश डिस्काउंट और एक्सचेंज बोनस के साथ कई फायदे दे रही है। ग्रैंड i10 और i20 पर आकर्षक छूट उपलब्ध है। कॉम्पैक्ट एसयूवी वेन्यू और देश की सबसे ज्यादा बिकने वाली कारों में से एक क्रेटा के चुनिंदा वेरिएंट्स पर स्पेशल फेस्टिव बेनेफिट्स मिल रहे हैं।
यह भी पढ़ें: लॉन्च से पहले सामने आए Hyundai Bayon के फीचर्स! जानें क्या-क्या मिलेगा खास
कार खरीदते समय इन बातों का रखें ध्यान
डिस्काउंट और ऑफर्स अलग-अलग शहरों और डीलरशिप के हिसाब से अलग हो सकते हैं। इसलिए गाड़ी फाइनल करने से पहले अपने शहर के 2-3 अलग-अलग ऑथराइज्ड डीलर्स से रेट जरूर पता कर लें। केवल कैश डिस्काउंट ही नहीं, बल्कि फ्री इंश्योरेंस, एक्सटेंडेट वारंटी और फ्री एक्सेसरीज के बारे में भी डीलरशिप से बात करें। फेस्टिव सीजन में डीलरशिप अपना सेल्स टारगेट पूरा करने के लिए अपनी तरफ से भी एक्स्ट्रा छूट दे देती है, इसलिए मोल-भाव जरूर करें।