कानपुर के घाटमपुर से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने मानवता को शर्मसार कर दिया है. बता दें कि यहां जवाहर नगर मोहल्ले में मजार के पीछे एक 6 साल की मासूम के साथ युवक ने रेप किया. वहीं विरोध करने पर आरोपी ने बच्ची के मुंह में सूखे पत्ते भर दिए. हद तो तब हो गई जब आरोपी ने बच्ची के सिर पर कई वार किए और उसे मरा समझकर भाग गया.
शाम से लापता थी बच्ची
बताया जा रहा है कि बच्ची शाम से लापता थी. जब परिजनों और पुलिस ने खोजबीन की तो मजार के पास बच्ची लहूलुहान हालत में मिली. जिसके बाद उसे तुरंत घाटमपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. जहां से हालत गंभीर देखते हुए उसे डॉक्टर्स ने कानपुर के हैलट अस्पताल रेफर कर दिया है.
आरोपी की तलाश में पुलिस की टीमें गठित
बच्ची के परिजनों ने मामला दर्ज करा दिया है. परिजनों ने जानकारी दी है कि आरोपी उनके घर के सामने रहने वाले ट्यूबवेल ऑपरेटर का भतीजा है. जो नशे का आदी है, उसी ने इस घटना को अंजाम दिया है. फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम गठित की गई है.
कानपुर पुलिस कमिश्नर परिजनों से मिले
डीसीपी साउथ दीपेंद्र चौधरी ने घटना को लेकर बताया कि बच्ची अस्पताल में है और उसका मेडिकल होगा. कानपुर पुलिस कमिश्नर अखिल कुमार और ज्वाइंट सीपी आशुतोष कुमार ने कानपुर के हैलट अस्पताल पहुंच कर बच्ची के परिजनों से जानकारी ली.
जिसे कहती थी अंकल उसी ने उजाड़ा बचपन
एसीपी चंद्रकांत यादव ने बताया कि आरोपी युवक बच्ची को सैयद बाबा की मज़ार के पीछे ले गया और जघन्य अपराध को अंजाम दिया. बच्ची के पिता रिक्शा साइकिल मैकेनिक हैं. इसका एक 8 साल का भाई है. बीती शाम दोनों भाई-बहन घर के बाहर मैदान में खेल रहे थे तभी आरोपी उसे चॉकलेट दिलाने के बहाने ले गया था.