बुलंदशहर , थाना जहांगीराबाद क्षेत्र के एक गांव से मानवता को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक 8 वर्षीय नाबालिग छात्रा के साथ गलत नीयत से बार-बार अनुचित हरकत करने का गंभीर आरोप लगा है। मासूम बच्ची ने साहस दिखाते हुए परिजनों को अपनी आपबीती बताई, जिसके बाद परिवार ने तत्काल पुलिस से संपर्क कर न्याय की गुहार लगाई. पीड़िता कक्षा द्वितीय की छात्रा है। परिजनों के अनुसार गांव में ही रहने वाला एक युवक, जो मजदूरी करता है, लंबे समय से बच्ची पर गलत नज़र रखे हुए था और पहले भी कई बार इस तरह की हरकत कर चुका था। बच्ची डर और दहशत के बीच रही, लेकिन आखिरकार हिम्मत जुटाकर उसने सच्चाई सामने रखी.
बुआ ने दर्ज करवाई नामजद तहरीर
पीड़िता की बुआ, जो पेशे से मेकअप आर्टिस्ट हैं, बच्ची को लेकर कोतवाली पहुंचीं और आरोपी के खिलाफ नामजद तहरीर दी। तहरीर में स्पष्ट किया गया कि आरोपी द्वारा इस तरह की हरकतें तीन से चार बार की जा चुकी हैं। परिजनों ने इसे नाबालिग की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला बताते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की.
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी हिरासत में
कोतवाली प्रभारी संजेश कुमार ने बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ पोक्सो एक्ट सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी को तत्काल गिरफ्तार कर पुलिस हिरासत में ले लिया गया है। आगे की विधिक कार्रवाई जारी है.
क्षेत्र में आक्रोश, नाबालिगों की सुरक्षा पर सवाल
घटना के सामने आने के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है. ग्रामीणों और सामाजिक संगठनों ने नाबालिगों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है और दोषी को कठोरतम सजा दिए जाने की मांग की है.