ग्रेटर नोएडा के बीटा-2 कोतवाली क्षेत्र स्थित सेक्टर-36 में उस समय सनसनी फैल गई, जब कियान फैक्टरी, साइट-5 में कार्यरत एक मैनेजर ने आत्महत्या कर ली। इस दुखद घटना के बाद उनकी पत्नी ने भी अपने आवास पर फंदा लगाकर जान देने का प्रयास किया, जिन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दंपती के तीन छोटे बच्चे हैं, जिससे परिवार में गहरे मातम का माहौल है।
मैनेजर ने की आत्महत्या
मृतक की पहचान शिवम सिंह के रूप में हुई है, जो मूल रूप से फतेहपुर जिले के धर्मपुर गांव, असोनार थाना के निवासी थे। वर्तमान में वह ग्रेटर नोएडा के सेक्टर-36 में किराए पर रह रहे थे। शिवम ने कियान फैक्टरी, साइट-5 में ही आत्महत्या की। इस घटना की जानकारी जैसे ही उनकी पत्नी को मिली, उन्होंने भी अपने सेक्टर-36 स्थित आवास पर फंदा लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। उन्हें तुरंत पास के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया, जहाँ उनका इलाज चल रहा है और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
कोतवाली पुलिस को सूचना मिलने के बाद टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शिवम सिंह के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। घटना स्थल पर माहौल बेहद गमगीन था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आत्महत्या के पीछे के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस विभिन्न पहलुओं से मामले की गंभीरता से जांच कर रही है, जिसमें घर की आर्थिक स्थिति, किसी प्रकार का पारिवारिक तनाव, या कोई अन्य निजी कारण शामिल हो सकते हैं।पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने और शिवम की पत्नी के होश में आने के बाद ही इस दुखद घटना के पीछे की पूरी सच्चाई सामने आ सकेगी। इस घटना ने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया है।