अलीगढ़ जिले से एक अजीबो-गरीब मामला सामने आया है, जहां एक दंपति के बीच महज एक साबुन को लेकर शुरू हुआ. मामला इतना बढ़ गया कि मामला पुलिस थाने तक जा पहुंचा. यह घटना क्वार्सी थाना क्षेत्र स्थित संजय गांधी कॉलोनी की है, जहां घरेलू विवाद ने एक बार फिर रिश्तों की नाजुक डोर को उजागर कर दिया.
'मेरे साबुन से क्यों नहाए?'
जानकारी के अनुसार, पुष्पा नाम की महिला ने अपनी बहू पर गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि वह अक्सर उसके बेटे प्रवीण से छोटी-छोटी बातों पर झगड़ा करती है. इसी कड़ी में इस बार का विवाद एक साबुन को लेकर हुआ. आरोप है कि प्रवीण जब बाथरूम में नहा रहा था, तभी उसकी पत्नी ने यह कहते हुए विवाद शुरू कर दिया कि वह उसके साबुन का इस्तेमाल क्यों कर रहा है.
ईंट फेंककर हमला, फिर दोनों में हुई मारपीट
सास पुष्पा ने दावा किया कि बहू ने इस मामूली बात पर न सिर्फ झगड़ा किया बल्कि प्रवीण पर ईंट तक फेंकी. इसके बाद दोनों के बीच मारपीट हुई. इस झगड़े की सूचना जब महिला के मायकेवालों को मिली तो वे सीधे पुलिस को लेकर ससुराल पहुंचे.
थाने में पुलिस और पति के बीच तीखी नोकझोंक
बताया जा रहा है कि पुलिस जब मौके पर पहुंची तो प्रवीण को हिरासत में लेने लगी. इसी दौरान प्रवीण ने शांतिपूर्वक पुलिस के साथ चलने की बात कही, लेकिन सास के मुताबिक, एक पुलिसकर्मी ने उसे थप्पड़ मार दिया. इससे नाराज होकर प्रवीण ने पुलिस से बहस कर ली, जिसके बाद उसे थाने ले जाकर मारपीट किए जाने का आरोप भी सामने आया है.
13 साल पुराना रिश्ता पहुंचा विवाद की कगार पर
पुलिस के अनुसार, प्रवीण और उसकी पत्नी की शादी को 13 साल हो चुके हैं. पत्नी ने शिकायत में आरोप लगाया है कि पति ने कई बातें शादी से पहले छिपाईं और अब वह आए दिन मारपीट करता है. पुलिस ने दोनों पक्षों का मेडिकल परीक्षण करवाया है और मामले की जांच जारी है.
पुलिस का पिटाई के आरोपों से इनकार
इस पूरे मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए क्षेत्राधिकारी सर्वम सिंह ने बताया कि पत्नी की शिकायत पर पुलिस कार्रवाई की गई थी. उन्होंने पति प्रवीण द्वारा पुलिसकर्मियों से गाली-गलौज किए जाने की बात कही, लेकिन थाने में मारपीट के आरोपों को खारिज किया है. मामले की जांच की जा रही है.