मेरठ। पति-पत्नी में वो को लेकर हुए विवाद में पति ने पत्नी की हत्या का प्रयास किया। कार के बोनट पर लटकी पत्नी को पति ने सौ मीटर तक दौड़ाया। इसके बाद पति ने प्रेमिका के सामने बीच झाड़ियों में ले जाकर पत्नी के साथ मारपीट की और गला दबाकर हत्या करने का प्रयास भी किया। इसके बाद आरोपी पति प्रेमिका को लेकर कार से भाग गया। इस हाई वोल्टेज ड्रामे का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पत्नी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लोहिया नगर पुलिस ने पति और प्रेमिका को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त कार बरामद कर ली।
काशीराम कालोनी निवासी सुनीता की शादी मयंक निवासी हसनपुर कला थाना किठौर के साथ हुई है। मयंक का अपना कारोबार है। शनिवार शाम को किसी काम से सुनीता हापुड़ रोड की तरफ जा रही थी। इसी दौरान सुनीता ने पति की कार को देखा तो उसमें पति मयंक के साथ एक युवती दिखाई दी। सुनीता ने कार रुकवाकर विरोध करने का प्रयास किया तो मयंक ने हत्या के इरादे से सुनीता पर कार चढ़ा दी। यह देखकर सुनीता कार के बोनट पर लेट गई। इसके बाद मयंक सौ मीटर तक सुनीता को घसीटते ले गया।
आरोप है कि इसके बाद मयंक ने कार रोककर प्रेमिका के सामने सुनीता की झाड़ियों में ले जाकर जमकर पिटाई की और गला दबाकर हत्या का प्रयास किया। सुनीता के शोर मचाने पर आसपास के लोगों को आता देखकर मयंक कार लेकर प्रेमिका के साथ भाग गया। इस पूरे प्रकरण का किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। उधर, रात में ही सुनीता ने पति मयंक के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज करा दिया। वायरल वीडियो पर संज्ञान लेते हुए सीओ कोतवाली संग्राम सिंह ने आरोपी पति और उसकी प्रेमिका को गिरफ्तार करने के आदेश दिए। पुलिस ने एक सूचना के आधार पर मयंक और शास्त्री नगर निवासी उसकी प्रेमिका माही वर्मा को रविवार को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त कार बरामद कर ली।
12 साल पहले हुई थी दोनों की शादी
सुनीता की शादी 2014 में मयंक के साथ हुई थी। दोनों को 2 बेटे हैं। मयंक सेंट्रल मार्केट में दुकान चलाता था। इसी दौरान उसकी मुलाकात इंश्योरेंस कंपनी में नौकरी करने वाली माही से हुई थी।माही का अपने पति से छह साल पहले तलाक हो चुका है। माही के एक बच्चा है। सुनीता से विवाद के चलते तीन साल से मयंक उससे अलग रह रहा है। वर्तमान में सेंट्रल मार्केट पर कार्रवाई के बाद से मयंक घर पर रह रहा था। हालांकि बोनट पर लटकने से पहले का पेट्रोल पंप पर भी दोनों की मारपीट का एक वीडियो सामने आया है।