
साउथ ईस्ट दिल्ली के सनलाइट कॉलोनी थाना क्षेत्र के सिद्धार्थ बस्ती इलाके में शनिवार दोपहर करीब 12 बजे एक 20 वर्षीय विवाहिता ने आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान साधना उम्र 20 वर्ष, पत्नी योगेश के रूप में सामने आई है। ये आई.जी. कैंप, सिद्धार्थ बस्ती की निवासी थी। साधना की शादी एक साल पहले योगेश से हुई थी। आत्महत्या से पहले 20 वर्षीय विवाहित ने इसका लाइव वीडियो तैयार किया। ऐसा कहा जा रहा है कि पति और परिवार से उसे प्रताड़ना मिल रही थी। इससे परेशान होकर उसने इस कदम को उठाया।
कमरे में अकेले फांसी लगाकर जान दी
पूरे मामले की जानकारी प्राप्त होते ही साउथ ईस्ट डिस्ट्रिक्ट की एडिशनल डीसीपी ऐश्वर्या शर्मा ने जानकारी दी कि दो अगस्त 2025 को पुलिस को पीसीआर कॉल के जरिए यह सूचना मिली कि एक महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मामले की गंभीरता को देखते थाना प्रभारी (SHO) अपनी के साथ मौके पर पहुंचे। यहां पर देखा कि कमरे में केवल मृतका मौजूद थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि साधना ने कमरे में अकेले फांसी लगाकर जान दी।
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया
आत्महत्या की इस घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजनों और एसडीएम डिफेंस कॉलोनी दी गई। यह आत्महत्या विवाह के सात वर्षों के अंदर की गई। क्राइम टीम ने मौके का निरीक्षण किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका की मां सुनीता और भाई के बयान एसडीएम की ओर से दर्ज किए गए। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया।
मारपीट के गंभीर आरोप लगाए
इस बीच, घटना से पहले मृतक साधना की ओर से एक LIVE वीडियो भी बनाया गया। इसमें साधना रोती बिलखती दिखाई दी। लाइव वीडियो में साधना ने रोते हुए कहा, "मेरे साथ मारपीट होती है, अब मैं जा रही हूं।" मृतका की मां सुनीता ने पति योगेश और ससुराल पक्ष पर प्रताड़ित करने और मारपीट के गंभीर आरोप लगाए। मृतका की मां ने जानकारी देते हुए कहा कि उनकी बेटी की शादी योगेश के संग 1 साल पहले हुई। दोनों की शादी रजा मंदी से अदालत में कोर्ट मैरिज के जरिए की गई। शादी से कुछ दिन बाद ही पति की ओर उनकी बेटी को प्रताड़ित किया जाने लगा।