Goa nightclub fire case: गोवा के लोकप्रिय नाइटक्लब ‘बर्च बाय रोमियो लेन’ में लगी भीषण आग के मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। हादसे में 25 लोगों की मौत के बाद फरार चल रहे क्लब मालिक अजय गुप्ता को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया गया। वह दिल्ली के लाजपत नगर स्थित इंस्टीट्यूट ऑफ ब्रेन एंड स्पाइन में भर्ती थे, जहां उनका ड्राइवर उन्हें हरियाणा नंबर की इनोवा से लेकर पहुंचा था। गिरफ्तारी के बाद जब उनसे घटना के बारे में सवाल किया गया, तो गुप्ता ने कहा, “मैं सिर्फ स्लीपिंग पार्टनर हूं।” गोवा पुलिस ने पहले ही उनके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया था। अब उन्हें साकेत कोर्ट में पेश किया जाएगा और पुलिस उनकी ट्रांजिट रिमांड मांगेगी ताकि आगे की पूछताछ के लिए उन्हें गोवा ले जाया जा सके।
लूथरा ब्रदर्स विदेश भागे
नाइटक्लब के दो अन्य मालिक—सौरभ लूथरा और गौरव लूथरा—अब भी फरार हैं। जांच में पता चला कि हादसे के कुछ घंटों बाद ही दोनों 7 दिसंबर की सुबह 5:30 बजे इंडिगो की फ्लाइट से थाईलैंड के फुकेट के लिए भाग निकले। घटना के समय वे दिल्ली में मौजूद थे। इमिग्रेशन ब्यूरो की रिपोर्ट के आधार पर दोनों के खिलाफ ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी किया गया है। दिल्ली और गोवा पुलिस मिलकर उनके नेटवर्क और ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है ताकि उन्हें जल्द पकड़ जा सके।
यह भी देखेंःPM Modi hacks: PM मोदी EVM नहीं, लोगों के दिल हैक करते हैं — लोकसभा में कंगना रनौत का बयान छाया
हादसा कैसे हुआ, क्या कार्रवाई चल रही है
आग संगीत कार्यक्रम के दौरान लगी, जब छत पर अचानक लपटें उठीं और कुछ ही सेकंड में धुआं पूरे हॉल में फैल गया। उस वक्त ‘महबूबा महबूबा’ गाने पर डांस चल रहा था। प्राथमिक जांच में माना जा रहा है कि अंदर हुई आतिशबाजी ने आग को भड़काया। पुलिस ने क्लब के खिलाफ गैर इरादतन हत्या, लापरवाही और सुरक्षा मानकों की अनदेखी की धाराओं में केस दर्ज किया है। अब तक क्लब के मैनेजर सहित चार कर्मचारियों को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही उन सरकारी अधिकारियों को भी तलब किया गया है जिन्होंने क्लब को लाइसेंस और परमिट जारी किए थे, ताकि यह जांचा जा सके कि कहीं अनुमति देने में कोई चूक या नियमों का उल्लंघन तो नहीं हुआ।