भोपाल। देशभर में पोस्टर पॉलिटिक्स की गूंज के बीच मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में एक ऐसा पोस्टर लगा है जिसने राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है। शनिवार देर रात प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के बाहर अचानक लगाए गए इस पोस्टर ने लोगों का ध्यान खींच लिया। पोस्टर पर बड़े अक्षरों में लिखा है – I LOVE INDIA, I LOVE RAHUL GANDHI और ठीक नीचे संदेश है – “नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान”। इस अनोखे संदेश ने पूरे इलाके में जिज्ञासा और चर्चा का माहौल बना दिया है।
देर रात लगा पोस्टर, सुबह बढ़ी हलचल
जानकारी के मुताबिक यह पोस्टर शुक्रवार और शनिवार की मध्यरात्रि को अचानक दिखाई दिया। सुबह जैसे ही राहगीरों की नजर इस पर पड़ी, लोग रुक-रुक कर इसे पढ़ते और तस्वीरें खींचते नजर आए। पोस्टर में कांग्रेस सांसद एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की बड़ी तस्वीर के साथ एमपी कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, कमलनाथ, दिग्विजय सिंह समेत कई बड़े नेताओं की तस्वीरें भी लगी हैं। पोस्टर के निचले हिस्से में ‘जय बाबू, जय भीम, जय संविधान’ का नारा भी लिखा गया है, जो इसे और भी रहस्यमय बनाता है।
किसने लगवाया और क्यों?
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, यह पोस्टर कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता प्रवीण धौलपुरे की पहल पर लगाया गया है। हालांकि, इसे लेकर आधिकारिक तौर पर कोई बयान नहीं दिया गया है। रहस्य यह भी है कि ऐसे समय में जब देशभर में पोस्टर वॉर और धार्मिक नारों को लेकर विवाद गर्म है, भोपाल में मोहब्बत और एकता का संदेश देने वाला यह पोस्टर अचानक क्यों लगाया गया। क्या यह राजनीतिक रणनीति है या कोई नया संदेश देने की कोशिश? इसका जवाब अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है।
सोशल मीडिया पर चर्चा
यह पोस्टर लगते ही सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगा है। लोग इसे अलग-अलग नजरिए से देख रहे हैं। कोई इसे मोहब्बत का पैगाम मान रहा है तो कोई इसे आने वाले चुनावी मौसम की तैयारी से जोड़कर देख रहा है। फिलहाल, यह रहस्यमय पोस्टर राजधानी की सियासत में नई कहानी लिखता नजर आ रहा है।