
MP Iqra Hasan: उत्तर प्रदेश की कैराना सीट से समाजवादी पार्टी की सांसद इकरा हसन ने एक कार्यक्रम के दौरान अपने साथ हुए अपमान का दर्द सार्वजनिक रूप से व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उन्हें बार-बार निशाना बनाया गया, अपमानित किया गया और उनके परिवार को गालियां दी गईं। इकरा हसन ने कहा, “मुझे मुल्ली कहा गया, आतंकवादी कहा गया, और मेरे बाप को गाली दी गई।” उन्होंने कहा कि यह कोई एक बार की घटना नहीं है बल्कि कई बार इस तरह की हरकतें दोहराई गई हैं।
बार-बार हुई अभद्रता की घटनाएं
सांसद इकरा हसन ने कहा कि कुछ लोग लगातार उन्हें बदनाम करने और उनके समुदाय को नीचा दिखाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब मेवात के लोगों के मामले में माफी दी गई थी, तब यह सवाल उठाना गलत है कि उनके मामले में ऐसा क्यों नहीं हुआ। इकरा के मुताबिक, उनके साथ दुर्व्यवहार की घटनाएं बार-बार हुई हैं, जिससे न सिर्फ उनकी गरिमा आहत हुई है बल्कि सामाजिक माहौल भी बिगड़ता है।
वायरल वीडियो से शुरू हुआ विवाद
यह विवाद तब शुरू हुआ जब कुछ समय पहले एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें बाइक पर सवार कुछ लोग इकरा हसन और उनके परिवार को अपशब्द कह रहे थे। सांसद ने इस मामले में पुलिस से शिकायत की थी, जिसके बाद आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, हालांकि बाद में उन्हें जमानत मिल गई। बताया जा रहा है कि गाली-गलौज करने वाले लोग भाजपा के पूर्व सांसद के करीबी हैं। इकरा हसन ने कहा कि वह ऐसे मामलों में चुप नहीं रहेंगी और सम्मान व न्याय की लड़ाई जारी रखेंगी।