ICC New Tournaments 2031 : इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) की ओर से क्रिकेट का दायरा बढ़ाने और अतिरिक्त कमाई के लिए तैयार किए जा रहे नए टूर्नामेंट्स के प्रस्ताव को बड़ा झटका लगा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक भारत, ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड के विरोध के बाद ICC ने कम से कम 2031 तक कोई नया वैश्विक टूर्नामेंट शुरू नहीं करने का फैसला किया है। दुबई में हुई क्रिकेट ऑपरेशंस वर्कशॉप में इस मुद्दे पर लंबी चर्चा हुई, लेकिन अंत में किसी नए आयोजन को मंजूरी नहीं मिल सकी।
वर्ल्ड क्लब चैंपियनशिप का सपना अधूरा
ICC की योजना में दुनिया भर की प्रमुख टी20 फ्रेंचाइजी टीमों के बीच वर्ल्ड क्लब चैंपियनशिप आयोजित करने का प्रस्ताव शामिल था। इसके अलावा खाली अंतरराष्ट्रीय विंडो में चार देशों के बीच छोटे टी20 टूर्नामेंट कराने का भी विचार था। माना जा रहा था कि इन आयोजनों से क्रिकेट को नए बाजार मिलेंगे और राजस्व में भी बढ़ोतरी होगी। हालांकि प्रमुख क्रिकेट बोर्ड्स ने साफ कर दिया कि मौजूदा कार्यक्रम पहले से ही काफी व्यस्त है और खिलाड़ियों पर अतिरिक्त बोझ डालना संभव नहीं है।
क्रिकेट कैलेंडर बना सबसे बड़ी बाधा
भारत, ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड ने ICC को बताया कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का कैलेंडर पहले ही पूरी तरह भरा हुआ है। यदि नए टूर्नामेंट जोड़ने हैं तो किसी मौजूदा बड़े आयोजन में कटौती करनी होगी। लेकिन वनडे विश्व कप, टी20 विश्व कप और चैंपियंस ट्रॉफी जैसे बड़े टूर्नामेंट्स में बदलाव करना आसान नहीं है। इसी वजह से ICC को अपने प्रस्ताव फिलहाल रोकने पड़े हैं।
WTC में हो सकता है बड़ा बदलाव
हालांकि नए टूर्नामेंट्स पर ब्रेक लग गया है, लेकिन वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के विस्तार पर चर्चा जारी है। रिपोर्ट्स के अनुसार भविष्य में WTC में टीमों की संख्या 9 से बढ़ाकर 12 की जा सकती है। अफगानिस्तान, आयरलैंड और जिम्बाब्वे को भी इस चक्र में शामिल करने पर विचार हो रहा है। हालांकि ICC की ओर से अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक प्रस्ताव जारी नहीं किया गया है।
इसे भी पढ़ें : न्यूजीलैंड टेस्ट सीरीज से पहले Rishabh Pant की खास तैयारी, BCCI से मांगे 2 अतिरिक्त मैच
2031 तक लगभग तय है रोडमैप
तीनों बड़े क्रिकेट बोर्ड्स ने 2031 तक के द्विपक्षीय कार्यक्रमों की रूपरेखा लगभग तय कर ली है। 2027 में एशेज सीरीज के साथ नए WTC चक्र की शुरुआत होगी। इसके बाद इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच बड़ी टेस्ट सीरीज खेली जाएंगी। वहीं 2028 में इंग्लैंड भारत का दौरा करेगा, जबकि 2029 में भारतीय टीम इंग्लैंड में पांच टेस्ट मैचों की अहम श्रृंखला खेलेगी। ऐसे में अगले कई वर्षों तक क्रिकेट कैलेंडर में नए ICC टूर्नामेंट्स के लिए जगह बनती नहीं दिख रही है।