ICC Pakistan : पाकिस्तान क्रिकेट टीम की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में 0-3 से क्लीन स्वीप झेलने के बाद अब इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने भी पाकिस्तान पर कड़ा एक्शन लिया है। एजबेस्टन में खेले गए तीसरे टेस्ट में निर्धारित समय के भीतर ओवर पूरे नहीं करने पर टीम को भारी सजा मिली है।
11 ओवर पीछे रही पाकिस्तान टीम
ICC की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक समय में दी गई सभी छूटों को शामिल करने के बाद भी पाकिस्तान निर्धारित लक्ष्य से 11 ओवर पीछे रहा। इसी वजह से मैच रेफरी रंजन मदुगले ने टीम को दोषी पाया। मैदानी अंपायर पॉल राइफल और क्रिस गैफनी समेत अन्य अधिकारियों ने स्लो ओवर रेट की रिपोर्ट दर्ज की थी।
मैच फीस का 50 प्रतिशत जुर्माना
ICC के नियमों के अनुसार तय समय से कम कराए गए प्रत्येक ओवर पर खिलाड़ियों की मैच फीस का 5 प्रतिशत जुर्माना लगाया जाता है। हालांकि इसकी अधिकतम सीमा 50 प्रतिशत है। पाकिस्तान 11 ओवर पीछे रहा, इसलिए उस पर अधिकतम 50 प्रतिशत मैच फीस का जुर्माना लगाया गया है।
WTC में 11 अंक भी कटे
आर्थिक नुकसान से भी बड़ा झटका पाकिस्तान को विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में लगा है। ICC के नियमों के तहत हर कम ओवर पर एक WTC अंक काटा जाता है। इसी कारण पाकिस्तान के खाते से सीधे 11 अंक घटा दिए गए। इससे टीम की WTC 2025-27 चक्र में स्थिति और कमजोर हो गई है।
अंक प्रतिशत में भारी गिरावट
पहले ही तालिका में निचले स्थान पर चल रही पाकिस्तान टीम का अंक प्रतिशत अब घटकर 4.63 रह गया है। इंग्लैंड के खिलाफ तीनों टेस्ट हारने के बाद यह अतिरिक्त सजा पाकिस्तान के लिए बड़ा झटका मानी जा रही है। टीम के लिए अब आगामी मुकाबलों में वापसी करना और भी कठिन हो गया है।
इसे भी पढ़ें : कभी नहीं मिली टीम इंडिया की जर्सी, अब उसी शख्स ने भारत को बनाया एशिया कप चैंपियन
अब श्रीलंका सीरीज पर नजर
पाकिस्तान अब नवंबर में श्रीलंका की मेजबानी करेगा। दोनों टीमों के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज रावलपिंडी और लाहौर में खेली जाएगी। WTC में अपनी स्थिति सुधारने के लिए पाकिस्तान के लिए यह सीरीज बेहद अहम होगी। टीम को न सिर्फ जीत दर्ज करनी होगी बल्कि ओवर रेट जैसे मामलों में भी सावधानी बरतनी होगी, ताकि आगे किसी तरह की अतिरिक्त सजा से बचा जा सके।