बांग्लादेश के युवा तेज गेंदबाज़ नाहिद राणा पर ICC ने कड़ी कार्रवाई की है। आयरलैंड के खिलाफ सिलहट में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के दौरान राणा का गुस्सा उन पर ही भारी पड़ गया। मैच के पहले दिन उन्होंने अपने फॉलो-थ्रू में गेंद उठाकर आयरलैंड के बल्लेबाज़ कैड कार्माइकल की तरफ गुस्से में फेंक दी। गेंद सीधे जाकर बल्लेबाज़ के पैड पर लगी, हालांकि वह क्रीज़ से बाहर नहीं थे। इस हरकत को ICC ने खेलभावना के खिलाफ माना और उनके मैच फीस का 25% काटने का फैसला सुनाया।
ICC ने लेवल-1 अपराध माना
ICC ने इसे आर्टिकल 2.9 के उल्लंघन के तहत लेवल-1 अपराध माना है, जो ऐसे मामलों में लागू होता है जब कोई खिलाड़ी गेंद या किसी उपकरण को अनुचित या खतरनाक तरीके से फेंकता है। मैच रेफरी एंडी पाइक्रॉफ्ट ने राणा को जुर्माना देने के अलावा उनके रिकॉर्ड में एक डिमेरिट पॉइंट भी जोड़ दिया है। चूंकि राणा ने अपनी गलती मान ली, इसलिए किसी औपचारिक सुनवाई की ज़रूरत नहीं पड़ी। यह पिछले 24 महीनों में उनके खिलाफ दर्ज पहला अपराध है।
राणा को 25% कटौती की सज़ा
ICC नियमों के अनुसार, लेवल-1 उल्लंघन में खिलाड़ी को चेतावनी से लेकर 50% तक मैच फीस कटौती की सज़ा मिल सकती है। इस मामले में 23 साल के राणा को 25% कटौती की सज़ा दी गई। खिलाड़ियों के लिए यह भी याद दिलाया गया कि मैदान पर आक्रोश दिखाना उनके करियर पर असर डाल सकता है।
पॉल स्टर्लिंग का महत्वपूर्ण विकेट मिला
मैच की बात करें तो आयरलैंड ने पहली पारी में 286 रन बनाए थे। जवाब में बांग्लादेश ने दूसरे दिन खेल खत्म होने तक 52 रन की बढ़त हासिल कर ली है। मह्मुदुल हसन जॉय 169* और मॉमिनुल हक 80* पर नाबाद हैं। राणा को पॉल स्टर्लिंग का महत्वपूर्ण विकेट भी मिला, जो आयरलैंड की पारी के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज़ थे।