आईसीसी पुरुष टी20 वर्ल्ड कप 2026 को लेकर बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड और इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल के बीच चल रहा विवाद अब साफ दिशा में जाता दिख रहा है। बांग्लादेश ने अपने खिलाड़ियों की सुरक्षा का हवाला देते हुए भारत से बाहर मैच कराने की मांग की थी। लेकिन अब International Cricket Council का रुख साफ है और उसने फिलहाल इस मांग को मानने से इनकार कर दिया है।
ऑनलाइन बैठक में क्या हुआ
6 जनवरी को आईसीसी और Bangladesh Cricket Board के अधिकारियों के बीच एक ऑनलाइन बैठक हुई। इस बैठक में आईसीसी ने साफ कहा कि उसके पास ऐसा कोई ठोस सुरक्षा आकलन नहीं है जिससे यह साबित हो कि भारत में बांग्लादेशी टीम को कोई खास खतरा है। इसी वजह से टूर्नामेंट के शेड्यूल या वेन्यू में बदलाव की जरूरत नहीं मानी गई।
बीसीबी की मांग और ICC का रुख
इससे पहले 4 जनवरी को बीसीबी ने आपात बैठक कर आईसीसी को पत्र लिखा था। इसमें खिलाड़ियों और स्टाफ की सुरक्षा का हवाला देते हुए मैच भारत से बाहर कराने की मांग की गई थी। हालांकि आईसीसी का मौजूदा रुख बीसीबी की मांग के बिल्कुल उलट है। फिलहाल कोई लिखित आदेश जारी नहीं हुआ है लेकिन संकेत यही हैं कि आईसीसी अपने फैसले पर कायम है। औपचारिक बयान 10 जनवरी तक आने की संभावना है।
ये भी पढ़ें : Hubballi पुलिस एक्शन पर सियासी तूफान, महिला कार्यकर्ता से बदसलूकी के आरोपों ने बढ़ाया तनाव !
तय शेड्यूल में कहां होंगे मैच
मौजूदा शेड्यूल के मुताबिक बांग्लादेश को अपने ग्रुप सी के सभी मैच भारत में ही खेलने हैं। कोलकाता में बांग्लादेश का सामना वेस्टइंडीज इटली इंग्लैंड और नेपाल से होना तय है। इन मुकाबलों को लेकर आईसीसी ने अभी तक किसी तरह के बदलाव का संकेत नहीं दिया है।
अलग रिपोर्ट्स अलग दावे
कुछ अंतरराष्ट्रीय रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया कि अगर बांग्लादेश भारत नहीं आया तो उसे मैच गंवाने या अंक खोने का खतरा हो सकता है। हालांकि बीसीबी ने ऐसे किसी अल्टीमेटम से इनकार किया है। अभी तक Board of Control for Cricket in India या आईसीसी की तरफ से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
विवाद को और हवा कैसे मिली
इस पूरे विवाद की शुरुआत तब हुई जब बीसीसीआई ने आईपीएल फ्रेंचाइजी कोलकाता नाइट राइडर्स को बांग्लादेशी गेंदबाज मुस्ताफिजुर रहमान को रिलीज करने का निर्देश दिया। इसके बाद बांग्लादेश में आईपीएल प्रसारण रोकने जैसे कदम उठाए गए। इन सबके बावजूद आईसीसी ने साफ कर दिया है कि सुरक्षा के आधार पर फिलहाल बांग्लादेश के मैच भारत से बाहर शिफ्ट नहीं किए जाएंगे।