
भारतीय क्रिकेट टीम के लिए बुधवार, 17 सितंबर का दिन बेहद खास रहा। आईसीसी ने अपनी नई टी20 रैंकिंग जारी की, जिसमें भारत के खिलाड़ियों का बोलबाला देखने को मिला। सबसे बड़ी खुशखबरी टीम इंडिया के रहस्यमयी स्पिनर वरुण चक्रवर्ती लेकर आए। उन्होंने आईसीसी टी20 गेंदबाजी रैंकिंग में नंबर-1 का ताज अपने नाम किया। वहीं कुलदीप यादव ने भी शानदार छलांग लगाई और बल्लेबाजों की लिस्ट में भी भारतीय सितारे चमके।
टी20 के नए सम्राट बने वरुण
34 वर्षीय वरुण चक्रवर्ती ने एशिया कप 2025 में शानदार प्रदर्शन से चयनकर्ताओं और क्रिकेट जगत को प्रभावित किया। यूएई के खिलाफ उनके 2 ओवरों के स्पेल में मात्र 4 रन और 1 विकेट देखने को मिला। पाकिस्तान के खिलाफ भी वरुण ने 4 ओवर में 24 रन देकर 1 अहम विकेट झटका। इसी दम पर उन्होंने रैंकिंग में 3 पायदान ऊपर चढ़कर पहला स्थान हासिल कर लिया। अब वरुण 733 रेटिंग अंकों के साथ दुनिया के नंबर-1 टी20 गेंदबाज बन गए हैं। इससे पहले न्यूजीलैंड के जैकब डफी इस पद पर थे, जो अब दूसरे नंबर पर खिसक गए। वरुण के अलावा भारत के रवि बिश्नोई भी टॉप-10 में मौजूद हैं, लेकिन उन्हें 2 पायदान का नुकसान हुआ और वह अब 8वें स्थान पर पहुंच गए हैं।
कुलदीप यादव का जलवा
एशिया कप 2025 में कुलदीप यादव ने गेंद से गज़ब का कहर ढाया। उन्होंने पहले मैच में यूएई के खिलाफ 2.1 ओवर में सिर्फ 7 रन देकर 4 विकेट झटके। वहीं पाकिस्तान के खिलाफ 4 ओवर में 18 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। इन दोनों मुकाबलों में उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया। कुलदीप की मेहनत का इनाम भी उन्हें मिल गया। आईसीसी की रैंकिंग में 16 पायदान की लंबी छलांग लगाते हुए वह अब 23वें नंबर पर पहुंच गए हैं। यह प्रदर्शन उनके आत्मविश्वास और टीम इंडिया की गेंदबाजी ताकत को और बढ़ाता है।
इसे भी पढ़ें : Pawan Singh का मस्तमौला अंदाज़, ‘Rise and Fall’ में Dhanashree संग छेड़खानी बनी चर्चा का विषय
बल्लेबाजी और ऑलराउंडर रैंकिंग में भी भारत का कब्ज़ा
सिर्फ गेंदबाजी ही नहीं, बल्लेबाजी और ऑलराउंडर रैंकिंग में भी भारतीय सितारों ने धाक जमाई है। बल्लेबाजी में युवा स्टार अभिषेक शर्मा 884 रेटिंग के साथ नंबर-1 पर काबिज हैं। हालांकि तिलक वर्मा को 2 पायदान का नुकसान हुआ और वे चौथे नंबर पर पहुंच गए। सूर्यकुमार यादव भी एक पायदान गिरकर 7वें स्थान पर आ गए। वहीं ऑलराउंडर की लिस्ट में हार्दिक पंड्या ने अपना दबदबा बरकरार रखा है। वह अभी भी नंबर-1 पर बने हुए हैं। पाकिस्तान के सैम अयूब ने जरूर छलांग लगाई और 6ठे स्थान पर पहुंच गए।
टी20 फॉर्मेट में भारत मजबूत
आईसीसी की इस ताज़ा रैंकिंग ने साफ कर दिया है कि भारत टी20 फॉर्मेट में इस वक्त सबसे मजबूत टीमों में से एक है। वरुण चक्रवर्ती का नंबर-1 बनना न सिर्फ उनके लिए बल्कि तमिलनाडु और भारतीय क्रिकेट के लिए ऐतिहासिक पल है। कुलदीप की वापसी और अभिषेक-हार्दिक का दबदबा टीम इंडिया को आने वाले मैचों में और भी खतरनाक बनाएगा।