ICICI Bank FD Rates 2026 : दिवाली से पहले ICICI बैंक ने फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) में पैसा लगाने वाले ग्राहकों को राहत दी है। बैंक ने 3 करोड़ रुपये से कम की एफडी पर ब्याज दरों में 10 बेसिस पॉइंट यानी 0.10 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की है। खासतौर पर लंबी अवधि की चुनिंदा एफडी और टैक्स सेवर स्कीम पर यह बदलाव किया गया है। नई दरों के बाद आम ग्राहकों को अधिकतम 6.60 प्रतिशत और वरिष्ठ नागरिकों को 7.20 प्रतिशत तक सालाना ब्याज मिल सकेगा। इससे उन लोगों को फायदा हो सकता है, जो सुरक्षित निवेश के लिए बैंक एफडी को प्राथमिकता देते हैं।
आम ग्राहकों को कितना मिलेगा ब्याज
ICICI बैंक ने दो साल एक दिन से लेकर तीन साल तक की एफडी पर ब्याज दर 6.45 प्रतिशत से बढ़ाकर 6.55 प्रतिशत कर दी है। वहीं, तीन साल एक दिन से पांच साल और पांच साल एक दिन से दस साल तक की जमा पर ब्याज अब 6.60 प्रतिशत मिलेगा। पहले इन अवधियों के लिए दर 6.50 प्रतिशत थी। पांच साल की टैक्स सेवर एफडी पर भी ब्याज 6.50 प्रतिशत से बढ़ाकर 6.60 प्रतिशत कर दिया गया है। यानी लंबी अवधि के लिए पैसा जमा करने वाले ग्राहकों को पहले के मुकाबले थोड़ा अधिक रिटर्न मिलेगा।
एक लाख और पांच लाख पर कितना फायदा
ब्याज दरों में 0.10 प्रतिशत की बढ़ोतरी का असर निवेश की रकम और अवधि के हिसाब से दिखाई देगा। उदाहरण के तौर पर दो साल एक दिन से तीन साल की अवधि वाली एफडी पर एक लाख रुपये जमा करने वाले ग्राहक को नई दर के अनुसार पहले से अधिक ब्याज मिलेगा। इसी तरह पांच लाख रुपये के निवेश पर भी अतिरिक्त कमाई होगी। हालांकि, वास्तविक रिटर्न एफडी की अवधि, ब्याज भुगतान के विकल्प और लागू टैक्स नियमों पर निर्भर करेगा। निवेश करने से पहले मैच्योरिटी राशि की गणना जरूर करनी चाहिए।
ये भी पढ़ें : Delhi-NCR में 1 नवंबर से बदल जाएगी जिंदगी! पुराने वाहनों की एंट्री बंद, ऑफिसों में 50% वर्क फ्रॉम होम
सीनियर सिटीजन को मिलेगा ज्यादा रिटर्न
बैंक ने वरिष्ठ नागरिकों के लिए भी चुनिंदा एफडी की ब्याज दरें बढ़ाई हैं। तीन साल एक दिन से पांच साल तक की जमा पर अब 7.20 प्रतिशत ब्याज मिलेगा, जबकि पहले यह 7.10 प्रतिशत था। पांच साल की टैक्स सेवर एफडी पर भी दर 7.10 प्रतिशत से बढ़ाकर 7.20 प्रतिशत कर दी गई है। दो साल एक दिन से तीन साल की अवधि पर ब्याज 6.95 प्रतिशत से बढ़कर 7.05 प्रतिशत हो गया है। वहीं, पांच साल एक दिन से दस साल तक की एफडी पर अब 7.10 प्रतिशत ब्याज मिलेगा।
छोटी अवधि की FD पर कितनी दरें
कम अवधि की एफडी पर बैंक की ब्याज दरें अलग-अलग रखी गई हैं। आम ग्राहकों को 7 से 45 दिनों की जमा पर 2.75 प्रतिशत, 46 से 90 दिनों पर 4 प्रतिशत और 91 से 184 दिनों पर 4.50 प्रतिशत ब्याज मिलेगा। 185 दिनों से एक साल से कम अवधि पर दर 5.50 प्रतिशत है। एक साल से 18 महीने से कम अवधि पर 6.25 प्रतिशत और 18 महीने से दो साल तक 6.30 प्रतिशत ब्याज मिलेगा। वरिष्ठ नागरिकों को इन अवधियों में सामान्य ग्राहकों से अधिक ब्याज दिया जाएगा। एफडी कराने से पहले बैंक की आधिकारिक वेबसाइट पर लागू दरों और शर्तों की जांच करना जरूरी है।