इजरायल डिफेंस फोर्सेज (आईडीएफ) ने हिज्बुल्लाह की ओर हमले किए जाने का दावा किया है। आईडीएफ ने कहा है कि हिज्बुल्लाह की ओर से इजराइली वायुसेना के विमानों को निशाना बनाकर सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइलें दागी गईं। हालांकि, इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ और न ही विमान को कोई नुकसान पहुंचा है।
आठ गांवों में हवाई हमले के सायरन बजे
रिपोर्ट के अनुसार, मिसाइल दागे जाने के बाद किर्यत शमोना शहर और लेबनान सीमा के पास उत्तर-पूर्वी इजरायल के आठ गांवों में हवाई हमले के सायरन बज उठे, जिससे हजारों निवासी सुरक्षित स्थानों (शेल्टर) की ओर भागने लगे।
युद्धविराम लागू करने पर सहमति
ये घटनाक्रम तब सामने आया, जब इजरायल और लेबनान ने बुधवार को वाशिंगटन में त्रिपक्षीय बातचीत के बाद युद्धविराम लागू करने पर सहमति व्यक्त की थी। इसी बीच, लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ आउन ने अमेरिका के साथ बातचीत में लेबनान का इस्तेमाल सौदेबाजी के तौर पर करने के लिए ईरान की कड़ी आलोचना की है। उन्होंने हिज्बुल्लाह के महासचिव नईम कासिम की भी आलोचना करते हुए कहा कि लेबनान के लोग युद्ध से थक चुके हैं और शांति से जीवन जीना चाहते हैं।
लेबनान सहित सभी मोर्चों पर पूर्ण युद्धविराम
आउन ने ये बातें एक साक्षात्कार में कहीं, जिसे लेबनान के राष्ट्रपति कार्यालय ने शुक्रवार (स्थानीय समय) को जारी किया। गुरुवार को, ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स ने एक बयान में कहा कि अमेरिका और इजरायल के साथ 8 अप्रैल के समझौते को स्वीकार करने के लिए ईरान की मुख्य शर्त लेबनान सहित सभी मोर्चों पर पूर्ण युद्धविराम था।
लेबनान का इस्तेमाल करना अस्वीकार्य
साक्षात्कार में आउन ने कहा, "यह आपका देश नहीं है, यह हमारा देश है।" उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय ताकतों की ओर से अपने हितों को साधने के लिए लेबनान का इस्तेमाल करना अस्वीकार्य है, जबकि लेबनान के नागरिक मौत, विस्थापन और तबाही के रूप में संघर्ष के परिणाम भुगत रहे हैं।