BJP Wins in UP: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश की राजनीति को लेकर बड़ा बयान दिया है। आजमगढ़ में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने दावा किया कि यदि आगामी विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी दोबारा सत्ता में आती है तो भविष्य में चुनाव कराना मुश्किल हो जाएगा। उन्होंने कहा कि यह उनकी पुरानी आशंका है और इसे पहले भी कई बार सार्वजनिक रूप से रख चुके हैं।
बीजेपी पर लगाए गंभीर आरोप
अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता बदलाव का मन बना चुकी है और भाजपा को अपने लंबे शासनकाल का हिसाब देना होगा। उन्होंने रोजगार, आरक्षण और विकास जैसे मुद्दों का जिक्र करते हुए कहा कि जनता सरकार के कामकाज का मूल्यांकन करेगी और आगामी चुनाव में अपना फैसला सुनाएगी।
PDA एजेंडे के साथ जनता के बीच जाएगी सपा
सपा प्रमुख ने कहा कि उनकी पार्टी सामाजिक न्याय और PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के एजेंडे के साथ जनता के बीच जाएगी। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी प्रदेश को विकास और समृद्धि की नई दिशा देने के लिए प्रतिबद्ध है और जनता का समर्थन उसे मिल रहा है।
यह भी देखेंःभारत-अमेरिका रिश्तों को मिल सकती है नई रफ्तार, अगले साल भारत दौरे की तैयारी में ट्रंप
राम मंदिर चढ़ावा मामले पर उठाए सवाल
अखिलेश यादव ने अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे के कथित गबन के मामले पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि करोड़ों लोगों की आस्था से जुड़े इस मामले में गठित एसआईटी की रिपोर्ट सार्वजनिक होनी चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि रिपोर्ट किसे सौंपी गई और उसके बाद क्या कार्रवाई की गई।
डिंपल यादव ने भी जताई जांच पर आपत्ति
मैनपुरी सांसद डिंपल यादव ने भी एसआईटी जांच पर सवाल उठाते हुए कहा कि कथित वित्तीय अनियमितताएं लंबे समय से चल रही थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि मामले की निष्पक्ष जांच के लिए व्यापक और स्वतंत्र जांच कराई जानी चाहिए, ताकि पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने आ सके।