Fever Danger Signs: बुखार होना एक आम बात है। आमतौर पर जब हमारा शरीर किसी इंफेक्शन जैसे फ्लू, डेंगू, मलेरिया से लड़ता है, तो शरीर का तापमान बढ़ जाता है। ज्यादातर मामलों में बुखार दवा लेने से उतर जाता है, लेकिन कई बार बुखार के कुछ ऐसे गंभीर लक्षण दिखाई देने लगते हैं, जिन्हें नजरअंदाज करना जानलेवा साबित हो सकता है।
कब बनती है मेडिकल इमरजेंसी
क्रिटिकल केयर विशेषज्ञ डॉ. आशुतोष तिवारी के अनुसार अगर बुखार के साथ सांस लेने में परेशानी, सीने में दर्द, कमजोरी, बेहोशी होती है, तो इसको कभी हल्के में नहीं लेना चाहिए। इसके अलावा बुखार के साथ-साथ सांस का बहुत तेज चलना और होंठ या स्किन का नीला पड़ना जैसे लक्षण दिख रहे हैं, तो तुरंत अस्पताल में भर्ती होना चाहिए।
यूरिन कम आना भी है गंभीर लक्षण
डॉ. आशुतोष तिवारी ने बताया कि बुखार के दौरान लगातार उल्टी या दस्त की समस्या भी हो सकती है, जिससे शरीर डिहाइड्रेशन का शिकार हो सकता है। बहुत कम पेशाब आना, मुंह सूखना, खड़े होने पर चक्कर आना, बहुत ज्यादा सुस्ती या कमजोरी महूसस होना इसके प्रमुख संकेत है। बुखार के साथ नाक या मसूड़ों से खून आना, उल्टी या मल में खून दिखना, शरीर पर अचानक लाल या नीले चकत्ते पड़ना, तेज सिरदर्द, गर्दन में अकड़न या दौरे पड़ना गंभीर लक्षण हो सकते हैं। ऐसी स्थिति में घर पर इलाज करते रहने के बजाय तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना जरूरी है।
यह भी पढ़ें: 3,000 की दवा 27,000 में क्यों? कैंसर दवाओं के भारी मार्जिन पर सुप्रीम कोर्ट ने सरकार से पूछा सवाल
किन लोगों को ज्यादा खतरा?
वैसे तो ये लक्षण किसी भी व्यक्ति के लिए खतरनाक हो सकते हैं, लेकिन छोटे बच्चों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं में बीमारी के गंभीर रूप लेने की संभावना अधिक होती है। इसलिए इन्हें बुखार आने पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।