Hair Fall In Monsoon: बारिश की फुहारें और सुहाना मौसम हर किसी के दिल को सुकून पहुंचाता है। लेकिन बरसात का मौसम अपने साथ कई तरह की समस्याएं भी लेकर आता है। हेयर फॉल यानी बालों के झड़ने की समस्या भी इनमें से एक है। बारिश के मौसम में नमी और गंदगी के चलते बाल रूखे, उलझे और बेजान हो जाते हैं। बहुत से लोग इस मौसम में बालों का झड़ना, डैंड्रफ और बालों में चिपचिपापन जैसी समस्याओं से परेशान रहते हैं। अगर आप भी इन परेशानियों का सामना कर रहे हैं, तो घबराने की जरूरत नहीं है। आज हम आपको कुछ ऐसे घरेलू नुस्खे बताएंगे जिससे आपके बाल घने और मजबूत बनेंगे, साथ ही झड़ना भी काफी हद तक बंद हो जाएंगे।
नारियल तेल
बारिश के मौसम में बालों में नारियल तेल लगाना बेहद फायदेमंद होता है। नारियल तेल से स्कैल्प की मसाज करने से बालों की जड़े मजबूत होती है, साथ ही बाल झड़ना भी कम हो जाते हैं। इसके लिए हफ्ते में दो बार हल्के गुनगुने तेल से स्कैल्प की मसाज करनी चाहिए।
एलोवेरा
एलोवेरा बालों के लिए फायदेमंद होता है। यह स्कैल्प के पीएच लेवल को बैलेंस करने में मदद करता है, जिससे डैंड्रफ की समस्या दूर होती है। बालों में एलोवेरा लगाने से हेयर फॉल को रोकने में मदद मिल सकती है। इसके लिए आप ताजे एलोवेरा जेल को स्कैल्प और बालों में लगाएं और करीब आधे घंटे बाद बालों को शैम्पू से धो लें।
मेथी दाना
अगर मानसून में आपके बाल बहुत ज्यादा झड़ रहे हैं, तो आप मेथी दाना का इस्तेमाल कर सकते हैं। बालों में मेथी दाना लगाने से बाल घने और मजबूत बनते हैं। इसके लिए आधे कप मेथी दाना को रातभर पानी में भिगोकर रख देना चाहिए, फिर सुबह इसको मिक्सी में पीस लेना चाहिए। अब इसे स्कैल्प और बालों में लगाना चाहिए, फिर 30 मिनट बाद बालों को शैम्पू से धो लेना चाहिए।
प्याज का रस
हेयर फॉल को कंट्रोल करने के लिए प्याज का रस भी बहुत लाभकारी साबित होता है। क्योंकि प्याज के रस में सल्फर पाया जाता है, जो बालों को मजबूत और घना बनाने में मदद करता है। इसको लगाने से हेयर फॉल में भी कमी होती है।