
SSC Warning: कर्मचारी चयन आयोग (SSC) ने एक नोटिस जारी किया है। जारी नोटिस के अनुसार आयोग ने एसएससी की वर्तमान में चल रही परीक्षाओं के प्रश्नपत्रों पर चर्चा, विश्लेषण को सोशल मीडिया पर साझा करने वाले लोगों और संस्थानों को चेतावनी दी है। आयोग ने कहा जो लोग ऐसा करते हैं, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और साथ ही जुर्माना भी लगाया जा सकता है।
इस कानून के तहत की जाएगी कार्रवाई
SSC ने अपने नोटिस में कहा कि आयोग के संज्ञान में आया है कि कुछ लोग चल रही परीक्षाओं के प्रश्नपत्रों की सामग्री पर सोशल मीडिया पर चर्चा, डिस्कशन और एनालिसिस कर रहे हैं। आयोग ने स्पष्ट किया कि पब्लिक एग्जामिनेशन (अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम, 2024 (PEA Act 2024) के तहत ऐसी गतिविधियां सख्त वर्जित हैं। अगर कोई व्यक्ति या संस्थान ऐसा करता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सकती है।
क्या होगी सजा?
इस नए कानून के तहत नियम तोड़ने वालों को कड़ा दंड दिया जाएगा। बता दें कि जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाता है, उसे 3 से 5 वर्ष की कैद और 10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। वहीं, अगर कोई संस्थान इस कानून को तोड़ता है, तो उस पर 1 करोड़ रुपये तक का जुर्माना लगाया जाएगा, साथ ही उसे ब्लैकलिस्ट और भविष्य की परीक्षाओं से बाहर करने जैसी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, संगठित अपराध की स्थिति में 5 से 10 साल की जेल और कम से कम 1 करोड़ रुपये का जुर्माना लगना तय है।