IIT Bombay postpones: IIT बॉम्बे ने सितंबर में होने वाली मिड-सेमेस्टर परीक्षाओं को स्थगित कर दिया है। पहले ये परीक्षाएं 26 और 27 सितंबर को आयोजित होनी थीं, लेकिन अब इन्हें 10 और 11 अक्टूबर को कराया जाएगा। संस्थान ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा की तारीख बदली गई है, जबकि विषय और बाकी शेड्यूल पहले जारी टाइमटेबल के अनुसार ही रहेगा। यह फैसला छात्र साहिल वाकोड़े की मौत के बाद कैंपस में उठे सवालों और जांच के बीच लिया गया है।
छात्र प्रतिनिधियों से चर्चा के बाद लिया फैसला
IIT बॉम्बे के मुताबिक, नई परीक्षा तारीख तय करने से पहले छात्र प्रतिनिधियों के साथ चर्चा की गई। संस्थान का कहना है कि परीक्षाएं स्थगित करने से छात्रहित से जुड़े नए नियम और मानक संचालन प्रक्रिया यानी SOP तैयार करने के लिए समय मिलेगा। इन नियमों में अकादमिक अनुशासन से जुड़े मामलों को लेकर प्रक्रिया को और स्पष्ट करने पर जोर दिया जा रहा है।
अकादमिक अनुशासन के मामलों के लिए बनेगी स्पष्ट प्रक्रिया
फैकल्टी की ओर से भी परीक्षा के दौरान सामने आने वाले संभावित अनुशासनहीनता के मामलों से निपटने के लिए चरणबद्ध व्यवस्था की जरूरत बताई गई है। इसमें किसी मामले की पहचान से लेकर जांच और आगे की कार्रवाई तक अलग-अलग चरणों के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश तय किए जाने की बात है। नई SOP और नियमों को लागू करने से पहले संस्थान की सीनेट से औपचारिक मंजूरी लेना जरूरी होगा।
यह भी देखेंःतीन शहरों में बसें बनीं आग का गोला, Greater Noida में 9 की मौत; PM Modi ने जताया दुख
साहिल वाकोड़े मामले में FIR और जांच जारी
20 वर्षीय बीटेक छात्र साहिल वाकोड़े की 18 सितंबर को मौत के बाद उनके परिवार की शिकायत पर पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने और एससी/एसटी एक्ट से जुड़ी धाराओं में मामला दर्ज किया था। परिवार ने जातिगत भेदभाव और संस्थान में उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं, जबकि IIT बॉम्बे ने इन आरोपों से इनकार किया है। मामले की जांच अब मुंबई क्राइम ब्रांच कर रही है।
IIT बॉम्बे ने 10 सदस्यीय जांच समिति बनाई
घटना की संस्थागत जांच के लिए IIT बॉम्बे के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स ने 10 सदस्यीय समिति का गठन किया है। समिति की अध्यक्षता IIT पलक्कड़ के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के चेयरमैन प्रोफेसर रमेश वेंकटेश्वरन कर रहे हैं। इसमें फैकल्टी सदस्यों, छात्रों, एक प्रशासक, पूर्व विजिलेंस अधिकारी और मनोचिकित्सक को शामिल किया गया है। वहीं, मामले में नामजद प्रोफेसर सूर्यनारायण दुल्ला को जांच के दौरान छुट्टी पर भेजा गया है।