
Noida News: नोएडा थाना फेस-3 पुलिस ने एक महिला के अवैध धर्मांतरण और कूटरचित निकाह के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान राजा मियाँ उर्फ अहसान (23 वर्ष), उनके पिता बिस्मिल्ला (65 वर्ष), और माता अनीशा बेगम (50 वर्ष) के रूप में हुई है। ये तीनों मूल रूप से बिहार के सिवान जिले के ग्राम केटी भरौली, कमसरा, थाना दुरौंदा के निवासी हैं और वर्तमान में गाजियाबाद के क्रॉसिंग रिपब्लिक क्षेत्र के बहरामपुर में रह रहे थे।
पुलिस ने मुकदमा किया दर्ज
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई 06 सितंबर 2025 को की गई, जब थाना फेस-3 पुलिस को सूचना मिली कि आरोपियों ने एक पीड़िता का विधि विरुद्ध तरीके से धर्म परिवर्तन करवाकर कूटरचित निकाहनामा तैयार किया और राजा मियाँ के साथ उसका निकाह करवा दिया। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा संख्या 370/2025 दर्ज किया है, जिसमें भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) (धोखाधड़ी), 338 (विश्वास भंग), 336(3) (कूटरचना), 340(2) (धोखाधड़ी से संपत्ति हस्तांतरण) और उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम 2021 की धारा 3(1)/5(3) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
तीन आरोपी हुए गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, पहला आरोपी राजा मियाँ उर्फ अहसान है, जिसकी उम्र 23 वर्ष है और उसने कक्षा 5वीं तक पढ़ाई की है, वहीं दूसरा आरोपी बिस्मिल्ला जिसकी उम्र 65 वर्ष है और वह अनपढ़ है। तीसरे आरोपी का नाम अनीशा बेगम है, जिसकी उम्र 50 वर्ष है, उसने कक्षा 5वीं तक पढ़ाई की है।
कानूनी कार्रवाई की जा रही
पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की मीडिया सेल ने बताया कि यह एक संवेदनशील मामला है और जांच में सभी कानूनी पहलुओं को ध्यान में रखा जा रहा है। आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।