IMD Alert: देशभर में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 9 मई को उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों में तेज आंधी, बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। वहीं दक्षिण भारत के कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती परिसंचरण के असर से अगले कुछ दिनों तक गर्मी और लू से राहत बनी रह सकती है।
16 जिलों में तेज आंधी का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल और तराई क्षेत्र में मौसम सबसे ज्यादा प्रभावित रहेगा। प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर, देवरिया, आजमगढ़, बलिया, गाजीपुर, जौनपुर, मिर्जापुर और सोनभद्र समेत 16 से ज्यादा जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ जगहों पर हवा की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की संभावना है। साथ ही बिजली गिरने और गरज-चमक की भी चेतावनी जारी की गई है।
तूफान का खतरा
बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में भी मौसम विभाग ने थंडरस्क्वॉल यानी तेज तूफान का अलर्ट जारी किया है। इन राज्यों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जबकि झोंकों की गति 70 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। झारखंड के कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की संभावना भी जताई गई है। वहीं पूर्वोत्तर राज्यों नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में लगातार बारिश का दौर जारी रहेगा।
2 DAY'S WEATHER FORECAST AND WARNINGS OF UTTAR PRADESH DATED 08.05.2026 pic.twitter.com/B6GkCeJxK6
— मौसम केंद्र, लखनऊ - IMD Uttar-Pradesh (@CentreLucknow) May 8, 2026
बारिश की चेतावनी
केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में अगले सात दिनों तक भारी बारिश का अनुमान जताया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण भारत में प्री-मानसून गतिविधियां काफी सक्रिय हैं। कर्नाटक और लक्षद्वीप में भी तेज बारिश और तूफानी हवाओं की संभावना है। तटीय इलाकों में समुद्री गतिविधियां तेज होने की वजह से लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
10 मई से फिर बदलेगा मौसम
आईएमडी ने संकेत दिए हैं कि 10 मई से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है। इसके प्रभाव से 11 से 14 मई के बीच दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में फिर से आंधी और बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों और खुले स्थानों से दूर रहने की अपील की है।