Weather Today: इन दिनों गर्मी अपने चर्म पर है..दिल्ली की बात करें तो विगत दिवस 48 डिग्री तक तापमान पहुंच गया था. वहीं दिल्ली से सटे वेस्ट यूपी के भी कई जिलों में गर्मी ने रिकॅार्ड तोड़ दिए हैं. लेकिन परेशान होने की जरूरत नहीं है. आज से ही दिल्ली सहित पूरे वेस्ट यूपी में मानसून की दस्तक हो सकती है. मौसम विभाग के मुताबिक राष्ट्रीय राजधानी सहित वेस्ट यूपी में तेज हवा के साथ भारी बारिश होने का पूर्वानुमान है. साथ ही ये बारिश 20 जून तक चलने की भी संभावनाएं जताई जा रही हैं..
आज कुछ राहत
आईएमडी ने बताया कि सोमवार सुबह राजधानी में 42 मिमी बारिश दर्ज की गई. सफदरजंग केंद्र में 33.5 मिमी, लोधी रोड पर 32 मिमी और पूसा केंद्र में 27.5 मिमी बारिश दर्ज की गई. अधिकारियों ने बताया कि बारिश के चलते कुछ इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई. रात ढाई बजे और तड़के साढ़े चार बजे के बीच बिजली कड़कने के साथ बारिश हुई. मौसम विभाग के अनुसार, तड़के 4:30 बजे पालम हवाई अड्डे पर हवा की रफ्तार 56 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई, जबकि दृश्यता रात दो बजे 4,000 मीटर से घटकर तीन बजे 1,500 मीटर रह गई.
जानें प्रदूषण का हाल
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के अनुसार, सोमवार की सुबह दिल्ली की वायु गुणवत्ता ‘‘संतोषजनक’’ श्रेणी में दर्ज की गई, जिसमें वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 62 रहा. सीपीसीबी के अनुसार, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच को ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच को ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच को ‘खराब’, 301 से 400 के बीच को ‘बेहद खराब’ और 401 से 500 के बीच को ‘गंभीर’ माना जाता है.