IMD Alert : देशभर में भीषण गर्मी के बीच अब मौसम बड़ा करवट लेने जा रहा है. भारत मौसम विभाग (IMD) ने इस सप्ताह कई राज्यों में तेज आंधी, बारिश, बिजली गिरने और धूलभरी हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार 28 मई से 30 मई के बीच उत्तर भारत, पूर्वी भारत और मध्य भारत के कई हिस्सों में तेज तूफानी गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। ऐसे में अगर आप कहीं घूमने या यात्रा पर जाने की योजना बना रहे हैं तो पहले मौसम का अपडेट जरूर देख लें.
दिल्ली-एनसीआर और उत्तर भारत में तेज आंधी का खतरा
IMD के मुताबिक दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 29 मई को 80 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. कई इलाकों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को गैर-जरूरी यात्रा से बचने और खुले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी है.
यूपी, बिहार और राजस्थान में बारिश के साथ धूलभरी आंधी
पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश, बिहार और राजस्थान में भी मौसम तेजी से बदलने वाला है। यहां तेज हवाओं के साथ बारिश, बिजली गिरने और धूलभरी आंधी की आशंका है। कुछ जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। IMD का कहना है कि खराब मौसम के कारण सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो सकता है.
पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी
हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में भी इस सप्ताह तेज बारिश और तूफान का दौर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने कुछ इलाकों में भूस्खलन और अचानक जलभराव की आशंका जताई है। पर्यटकों को पहाड़ी क्षेत्रों की यात्रा के दौरान अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत में भी असर
तमिलनाडु, कर्नाटक, तेलंगाना, केरल और आंध्र प्रदेश में गरज-चमक के साथ बारिश जारी रहने का अनुमान है। वहीं असम, मेघालय, मिजोरम और त्रिपुरा में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है। कई इलाकों में बिजली गिरने की घटनाएं भी बढ़ सकती हैं.
यात्रा से पहले रखें इन बातों का ध्यान
मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों और कमजोर ढांचों से दूर रहने की सलाह दी है. यात्रा पर निकलने से पहले मौसम की ताजा जानकारी जरूर लें। पहाड़ी और खुले इलाकों में सावधानी बरतना बेहद जरूरी होगा, क्योंकि तेज हवाएं और अचानक बारिश परेशानी बढ़ा सकती हैं.