15 Flights Delhi Diverted: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में रविवार को हुई हल्की से मध्यम बारिश ने लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत दिलाई। हालांकि, खराब मौसम और तेज हवाओं का असर हवाई यातायात पर भी पड़ा। प्रतिकूल मौसम की वजह से दिल्ली आने वाली 15 उड़ानों को जयपुर और लखनऊ की ओर डायवर्ट करना पड़ा। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है।
बारिश और तेज हवाओं से उड़ानों पर असर
दिल्ली में रविवार को मौसम अचानक बदल गया और कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। बारिश के साथ तेज हवाएं चलने से दिल्ली हवाई अड्डे पर उड़ानों के संचालन पर भी असर पड़ा। एयरपोर्ट से जुड़े सूत्रों के अनुसार, प्रतिकूल मौसम के कारण 10 घरेलू और 5 अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को जयपुर और लखनऊ की ओर मोड़ना पड़ा। मौसम सामान्य होने के बाद हवाई सेवाओं को धीरे-धीरे सुचारु किया गया।
तापमान में गिरावट से लोगों को मिली राहत
भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, रविवार दोपहर तक नई दिल्ली का तापमान लगभग 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली। पिछले 24 घंटों के दौरान राजधानी के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। इस अवधि में न्यूनतम तापमान 26 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा, जबकि अधिकतम तापमान 35 से 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा। मौसम विभाग ने बताया कि कई इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से कम दर्ज किया गया।
यह भी देखेंःHorrific Road Accident in Telangana: तेलंगाना में भीषण सड़क हादसा, बस की टक्कर से कार सवार चार लोगों की मौत
अगले दिनों में और घट सकता है तापमान
मौसम विभाग का कहना है कि अगले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद अगले दो दिनों में तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। इस दौरान 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दक्षिण-पूर्वी हवाएं चलने का अनुमान है। पालम क्षेत्र में हवा के झोंके 37 किलोमीटर प्रति घंटे तक दर्ज किए गए। विभाग ने आने वाले दिनों में भी हल्की बारिश और गरज के साथ मौसम बने रहने की संभावना जताई है।
हरियाणा, पंजाब और राजस्थान में मानसून की रफ्तार बढ़ेगी
भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून के अगले चार दिनों में हरियाणा, पंजाब और राजस्थान के शेष हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं। राजस्थान में अगले तीन दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। वहीं, हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में भी बारिश का दौर जारी है। शिमला मौसम केंद्र ने मंडी, सिरमौर, चंबा और कांगड़ा जिलों के लिए भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग ने लोगों को मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर रखने और आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है।