Imtiaz Ali Daughter Engagement : फिल्ममेकर इम्तियाज अली के घर इन दिनों खुशी का माहौल है. उनकी बेटी और फिल्ममेकर इदा अली ने अपने लंबे समय से बॉयफ्रेंड रहे क्रिश अग्रवाल के साथ सगाई कर ली है. इम्तियाज ने सोशल मीडिया पर कपल की तस्वीर शेयर कर दोनों के लिए आशीर्वाद मांगा। तस्वीर में इदा और क्रिश रिंग एक्सचेंज करते नजर आए.
प्राइवेट सेरेमनी में हुई सगाई
रिपोर्ट्स के मुताबिक, इदा और क्रिश की सगाई मुंबई में एक निजी समारोह में हुई। इस खास मौके पर इदा ने पेस्टल पिंक साड़ी पहनी थी, जबकि क्रिश ब्लैक आउटफिट में नजर आए। दोनों की तस्वीर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर उन्हें बधाइयां मिलने लगीं.
नॉर्वे में किया था प्रपोज
सगाई से पहले क्रिश ने इदा को नॉर्वे में शादी के लिए प्रपोज किया था. जुलाई में इदा ने इस खास पल की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर की थीं। इम्तियाज ने उस समय बताया था कि प्रपोज करने से पहले क्रिश ने उनसे बात की थी। उन्होंने बेटी की सगाई को अपने लिए बेहद खुशी का पल बताया था.
कौन हैं क्रिश अग्रवाल?
क्रिश अग्रवाल इदा के लंबे समय से पार्टनर हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह फाइनेंस और रिसर्च के क्षेत्र में काम करते हैं और एक हेज फंड में क्वांटिटेटिव रिसर्चर रह चुके हैं। इदा और क्रिश दोनों को घूमने-फिरने का भी शौक है.
इदा भी फिल्म इंडस्ट्री से जुड़ी हैं
इम्तियाज अली की तरह इदा ने भी फिल्ममेकिंग को अपना करियर बनाया है. उन्होंने कम उम्र में शॉर्ट फिल्म से निर्देशन की शुरुआत की थी और बाद में कई प्रोजेक्ट्स पर काम किया. इदा और क्रिश ने मिलकर Blue Curtain Films नाम की प्रोडक्शन कंपनी भी शुरू की है. फिलहाल दोनों ने शादी की तारीख को लेकर कोई जानकारी साझा नहीं की है.