
एशिया कप 2025 में भारत ने ऐसा तूफान खड़ा किया कि दुबई का पूरा स्टेडियम भारत, भारत के नारों से गूंज उठा, ये सुनकर हैरानी की बात नहीं सच है क्योंकि कप्तान सूर्यकुमार यादव के फैसले ने टीम इंडिया को एकतरफा जीत दिलाई. पहले गेंदबाजी का निर्णय ही तुरुप का इक्का साबित हुआ और भारतीय गेंदबाजों ने UAE की कमर तोड़कर रख दी. नतीजा ये हुआ की पूरी टीम सिर्फ 57 रन पर ढेर हो गई. बता दें UAE की शुरुआत ठीक रही और ओपनर्स ने 26 रन जोड़ दिए, लेकिन जसप्रीत बुमराह के पहले वार ने पारी की नींव हिला दी. इसके बाद तो विकेटों की झड़ी लग गई. पावरप्ले के बाद हालत ये हो गई कि यूएई ने सिर्फ 16 रन बनाए और अपने 8 विकेट गंवा दिए. दिग्गज मोहम्मद वसीम से लेकर बाकी बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक ही नहीं पाए.
कुलदीप यादव का जादुई ओवर
मैच के असली हीरो कुलदीप यादव बने. जिनको लेकर सवाल उठ रहे थे कि अर्शदीप की जगह क्यों खिलाया गया, वही गेम चेंजर साबित हुए. 9वें ओवर में कुलदीप आए और पहले राहुल चोपड़ा, फिर कप्तान मोहम्मद वसीम और आखिरी गेंद पर हर्षित कौशिक को चलता किया. एक ही ओवर में 3 विकेट लेकर उन्होंने विपक्षी टीम की कमर तोड़ दी. कुलदीप ने 2.1 ओवर में सिर्फ 7 रन देकर 4 विकेट चटकाए.
शिवम दुबे और बाकी गेंदबाजों का जलवा
कुलदीप के साथ शिवम दुबे ने भी गजब का कहर बरपाया. उन्होंने 2 ओवर में सिर्फ 4 रन दिए और 3 विकेट झटके. वहीं, बुमराह, अक्षर पटेल और वरुण चक्रवर्ती ने भी 1-1 विकेट लेकर UAE को बैकफुट पर धकेल दिया. सबसे खास पल तब आया जब संजू सैमसन ने अपनी बिजली जैसी फुर्ती से स्टंपिंग की. वो नजारा देख फैंस को धोनी की याद आ गई और पूरा स्टेडियम झूम उठा.
युवराज के 'लाडले' की आतिशी बल्लेबाजी
छोटे लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने इसे मजाक बना दिया. अभिषेक शर्मा, जिन्हें युवराज सिंह का लाडला कहा जाता है, मैदान पर आए और पहली ही गेंद पर छक्का जड़ दिया. उन्होंने 15 गेंदों में 30 रन ठोके, जिसमें 2 चौके और 3 छक्के शामिल रहे. शुभमन गिल ने 16 रन बनाए और सूर्या भाऊ ने एक गेंद पर ही छक्का मारकर खेल खत्म कर दिया. भारत ने सिर्फ 27 गेंदों यानी 4.3 ओवर में मैच अपने नाम कर लिया. ये जीत सिर्फ रिकॉर्ड नहीं, बल्कि पाकिस्तान के लिए टेँशन का अलार्म थी. गेंदबाजों से लेकर बल्लेबाजों तक सभी ने ऐसा कहर ढाया कि पाकिस्तान के खेमे में बेचैनी बढ़ गई है. अब 14 सितंबर को भारत-पाकिस्तान का महामुकाबला होना है और इस जीत के बाद भारत ने साफ कर दिया है एशिया कप 2025 में कोई रहम नहीं होगा.