Bulandshahr News: जनपद के थाना छतारी क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली विवाहिता को दहेज के भूखे भेड़ियों ने न केवल प्रताड़ित किया, बल्कि उसकी जान लेने की भी खौफनाक कोशिश की। बुलंदशहर में दहेज में एक मोटरसाइकिल और 50 हजार रुपये की मांग पूरी न होने पर ससुराल वालों ने विवाहिता को बिजली के नंगे तारों से करंट लगाया और उसे जिंदा जलाकर मारने का प्रयास किया। हद तो तब हो गई जब थाने से साठगांठ कर छूटे आरोपियों ने अवैध हथियारों के साथ विवाहिता के मायके में घुसकर पूरे परिवार को बेरहमी से पीटा। गैंगस्टर जेठ और शराबी पति की धमकियों से परेशान पीड़िता ने जब एसएसपी के दरबार में गुहार लगाई, तो पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में अब 7 आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
5 लाख खर्च किए, फिर भी मांगे बाइक और 50 हजार
थाना छतारी के एक गांव की रहने वाली यशोदा की शादी 22 जनवरी 2025 को कोतवाली देहात के दरियापुर निवासी लवकुश के साथ हुई थी। पीड़िता के पिता ने अपनी हैसियत के मुताबिक शादी में करीब 4 से 5 लाख रुपये खर्च किए थे। लेकिन शादी के बाद से ही ससुराल वाले इस शादी से खुश नहीं थे। कुछ दिन बीतने के बाद से ही उन्होंने लगातार एक मोटरसाइकिल, सोने की चेन और 50 हजार रुपये नकद की मांग शुरू कर दी और मांग पूरी न होने पर पीड़िता को तरह-तरह से प्रताड़ित करने लगे।
पति के भाभी से संबंध, विरोध करने पर लगाया करंट
पीड़िता ने पुलिस को दी तहरीर में एक बेहद गंभीर और हैरान करने वाला आरोप लगाया है। यशोदा का कहना है कि उसके पति लवकुश के अपनी ही भाभी के साथ अवैध संबंध हैं। जब यशोदा ने इस अनैतिक रिश्ते का विरोध किया, तो उस पर जुल्म की इंतहा कर दी गई। दहेज की मांग और विरोध का बदला लेने के लिए ससुराल वालों ने उसे बिजली के नंगे तारों से करंट लगाया और आग लगाकर जान से मारने की खौफनाक कोशिश की। इसके बाद 17 जनवरी को आरोपियों ने उसके सारे जेवर व कपड़े छीन लिए और उसे धक्के मारकर घर से निकाल दिया।
गैंगस्टर जेठ ने हथियारों के साथ मायके में बोला धावा
ससुराल से बेघर किए जाने के बाद पीड़िता यशोदा किसी तरह अपने मायके आकर रहने लगी। लेकिन आरोपियों का दुस्साहस यहीं नहीं थमा। बीते 15 मार्च को दोपहर करीब 1 बजे पति लवकुश, ससुर जसवंत, सास भगवानदेई, जिठानी और जेठ विक्की, शिवकुमार व बॉबी अवैध हथियारों और लाठी-डंडों से लैस होकर यशोदा के मायके पहुंच गए। वहां आते ही उन्होंने गाली-गलौज शुरू कर दी और पीड़िता, उसके पिता व भाइयों को लाठी-डंडों से बुरी तरह पीटा। बताया जा रहा है कि पीड़िता का जेठ विक्की एक शातिर अपराधी है, जिस पर पहले से ही गैंगस्टर एक्ट भी लगा हुआ है।
थाने से छूटे आरोपी, अब SSP के आदेश पर FIR
घटना के वक्त जब पीड़ित परिवार ने डायल 112 को सूचना दी, तो पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपियों को पकड़कर थाने ले गई। आरोप है कि स्थानीय पुलिस ने आरोपियों को पकड़ा जरूर, लेकिन सांठगांठ कर उन्हें थाने से ही छोड़ दिया। इसके बाद से ही आरोपी लगातार पीड़ित परिवार को धमका रहे थे। स्थानीय पुलिस से न्याय न मिलता देख पीड़िता ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) से मिलकर अपनी आपबीती सुनाई। एसएसपी के कड़े रुख और आदेश के बाद हरकत में आई पुलिस ने अब जाकर आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।