Bulandshahr News: महिला थाना में शिकारपुर क्षेत्र के एक गांव निवासी पीड़िता महिला ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया है कि उसकी शादी वर्ष 2022 में अलीगढ़ के युवक से हुई थी। उसका पति मध्य प्रदेश पुलिस में बतौर सिपाही तैनात है। पीड़िता के अनुसार उसके परिजनों द्वारा शादी में करीब 15 लाख रुपये खर्च किए थे, किंतु ससुरालीजन उससे संतुष्ट नहीं थे और अतिरिक्त दहेज में एक गाड़ी की मांग करते थे।
मारपीट कर गंभीर चोटें पहुंचाई गईं
एक पुत्र पैदा होने के बावजूद ससुरालीजनों की डिमांड और उसका उत्पीड़न जारी रहा। 21 अक्तूबर 2025 को ससुरालीजनों ने एक राय होकर उसे कमरे में बंद कर दिया। कमरे में जेठानी, ननद, सास ने उसके पैर पकड़े और जेठ एवं ससुर ने हाथ पकड़ लिए, जिसके बाद पति से उसकी हत्या करने के लिए कहा गया। किसी तरह उसकी जान बच सकी। उसे मारपीट कर गंभीर चोटें पहुंचाई गईं।
ससुरालीजनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है
पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसे निर्वस्त्र कर पीटा गया था। पुलिस को सूचना देने पर आरोपी ससुरालीजन उस वक्त घर से भाग गए। इसके बाद वह अपने भाई के साथ मायके आ गई। पीड़िता ने अपने पति के किसी अन्य महिला से संबंध होने का आरोप लगाया है। आरोप है कि उसकी हत्या कर पति दूसरी महिला से शादी करना चाहता है। ससुरालीजनों ने मायके पहुंचकर उसका पुत्र भी छीनने का प्रयास किया। महिला थाना पुलिस ने आरोपी पति समेत छह नामजद एवं चार-पांच अज्ञात ससुरालीजनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। एसपी सिटी ने बताया कि महिला थाना पुलिस को मामले में जांच कर उचित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं